राजस्थान में हुए हालिया नगरीय निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए 36 में से 28 सीटों पर जीत का दावा किया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस नतीजे को “जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण” बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “नगर निकाय एवं पंचायतीराज उपचुनाव 2025 में भाजपा की प्रचंड विजय पर देवतुल्य मतदाताओं का आभार, और सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं को उनके अथक परिश्रम हेतु अभिनंदन।”
सीएम ने की कार्यकर्ताओं की सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस चुनाव परिणाम से यह साफ हो गया है कि जनता भाजपा की योजनाओं और नीतियों के साथ है। उन्होंने पार्टी के विजयी प्रत्याशियों को बधाई दी और कहा कि यह परिणाम सरकार के जनसेवा के संकल्प को और भी सशक्त करता है।
पार्टी की जीत के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मीडिया से बातचीत में इसे “जनता का डबल इंजन सरकार पर भरोसा” बताया। उन्होंने कहा कि इस नतीजे ने पार्टी को बीते चुनावों की तुलना में कहीं ज्यादा मजबूत कर दिया है।
पार्टी के अनुसार, 36 सीटों में से 27 पर भाजपा प्रत्याशी जीते, जबकि 1 सीट पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी को जीत मिली। राठौड़ ने कहा, “यह सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकहितकारी नीतियों और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की योजनाओं के चलते संभव हुई है।”
पंचायत समिति में कांग्रेस पिछड़ी
जिला परिषद की छह में से पांच सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है, वहीं पंचायत समिति की 18 सीटों में से 12 भाजपा के खाते में गईं। कांग्रेस केवल तीन सीटों तक सीमित रह गई, जबकि बाकी तीन सीटें अन्य दलों और निर्दलीयों के हिस्से आईं।
राठौड़ ने कहा कि यह परिणाम “जनता के भरोसे और कार्यकर्ताओं की मेहनत” का प्रमाण है। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर निशाना साधते हुए कहा, “वो रोजाना अनर्गल बयानबाजी करते हैं, लेकिन जनता ने एक बार फिर करारा जवाब दिया है।” गौरतलब है कि इस चुनाव में लक्ष्मणगढ़ में भी कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। जो पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की विधानसभा सीट है।