अंतरिक्ष में नौ महीने बिताने के बाद भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके साथी बुच विलमोर, नासा के निक हैग और रूसी अंतरिक्ष यात्री अलेक्जेंडर गोर्बुनोव सफलतापूर्वक पृथ्वी पर लौट आए हैं। स्पेसएक्स के ड्रैगन कैप्सूल ने उन्हें सुरक्षित रूप से फ्लोरिडा के तट पर लैंड कराया।
लैंडिंग के दौरान अनोखा दृश्य देखने को मिला, जब डॉल्फिन्स ने स्पेस कैप्सूल का स्वागत किया। समुद्र में उतरते ही कैप्सूल के आसपास तैरती डॉल्फिन्स ने इस ऐतिहासिक क्षण को और भी खास बना दिया। नासा और स्पेसएक्स ने मिशन को पूरी तरह सफल बताते हुए अपनी टीम को बधाई दी।
नासा ने जारी किया आधिकारिक बयान
नासा ने अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षित वापसी की पुष्टि करते हुए कहा,“हमें अपनी टीम पर गर्व है। सफल लैंडिंग के साथ मिशन पूरी तरह से सफल रहा। सब कुछ योजना के मुताबिक हुआ। इस मिशन के लिए स्पेसएक्स का धन्यवाद।”Sunita Williams Space Mission
नासा ने बताया कि सभी अंतरिक्ष यात्री स्वस्थ हैं और उन्हें मेडिकल निगरानी में रखा जाएगा। अमेरिकी कोस्ट गार्ड टीम ने समुद्र से कैप्सूल निकालने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया, जिसे नासा ने सराहा।
एलन मस्क ने दी बधाई, ट्रंप का जताया आभार
स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क ने अंतरिक्ष यात्रियों की वापसी पर खुशी जताते हुए कहा,“स्पेसएक्स और नासा की टीमों ने एक और ऐतिहासिक मिशन को सफलतापूर्वक पूरा किया है। सभी को बधाई।” मस्क ने इस मिशन को प्राथमिकता देने के लिए अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी आभार व्यक्त किया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- ‘भारत की बेटी पर गर्व’
भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सुनीता विलियम्स की उपलब्धियों को लेकर ट्वीट किया, “नासा के क्रू-9 की सुरक्षित वापसी से प्रसन्न हूं! भारत की बेटी सुनीता विलियम्स और उनके दल ने अंतरिक्ष में मानव धैर्य और संकल्प की नई कहानी लिखी है। उनकी यात्रा लाखों लोगों को प्रेरित करेगी।”
उन्होंने कहा कि उनकी साहसिक उपलब्धियां पूरी दुनिया के लिए गर्व की बात हैं। साथ ही, नासा, स्पेसएक्स और सभी वैज्ञानिकों को इस सफलता के लिए बधाई दी।
आगे क्या?
इस मिशन के बाद अब नासा और स्पेसएक्स आने वाले अंतरिक्ष अभियानों की तैयारी में जुट जाएंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरिक्ष में लंबी अवधि तक रहने के अध्ययन और मानव मिशन को और आगे बढ़ाने में यह मिशन मील का पत्थर साबित होगा।