Monday, April 28, 2025
spot_img
Homeबाजारभारत से भागा मेहुल चोकसी बेल्जियम में, सरकार ने प्रत्यर्पण की प्रक्रिया...

भारत से भागा मेहुल चोकसी बेल्जियम में, सरकार ने प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू की

भारत के सबसे बड़े बैंक घोटालों में शामिल पंजाब नेशनल बैंक (PNB) घोटाले के मुख्य आरोपी मेहुल चोकसी को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। चोकसी वर्तमान में बेल्जियम के एंटवर्प शहर में “F रेजीडेंसी कार्ड” पर रह रहा है और उसके साथ उसकी पत्नी प्रीति चोकसी भी वहीं मौजूद है। भारत सरकार ने उसे वापस लाने के लिए बेल्जियम सरकार से प्रत्यर्पण प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है।

2018 में भारत से फरार हुआ था चोकसी

मेहुल चोकसी और उसका भतीजा नीरव मोदी पर 13,850 करोड़ रुपए के बैंक घोटाले का आरोप है। दोनों ने PNB की मुंबई ब्रेडी हाउस ब्रांच से फर्जी दस्तावेजों के जरिए करोड़ों का लोन लिया और 2018 में भारत छोड़कर फरार हो गए। चोकसी ने भारत से भागने से पहले ही 2017 में एंटीगुआ-बारबूडा की नागरिकता ले ली थी और वहां बस गया था।

कई बार प्रत्यर्पण की कोशिश, लेकिन हर बार बच निकला

भारत सरकार चोकसी को वापस लाने के लिए कई बार प्रयास कर चुकी है, लेकिन वह कभी खराब सेहत, तो कभी कानूनी दांव-पेंच का सहारा लेकर बचता रहा। 2021 में जब वह एंटीगुआ से अचानक लापता हुआ और डोमिनिका पहुंचा, तब उसे गिरफ्तार कर लिया गया। CBI की टीम डोमिनिका पहुंची थी, लेकिन ब्रिटिश क्वीन की प्रिवी काउंसिल से राहत मिलने के बाद चोकसी को एंटीगुआ भेज दिया गया।

भारत में जब्त की जा चुकी हैं कई संपत्तियां

मेहुल चोकसी पर भारत में प्रवर्तन निदेशालय (ED) और CBI ने कई केस दर्ज किए हैं। उसकी करोड़ों की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं, लेकिन वह अब भी कानून के शिकंजे से बाहर है। अब भारत सरकार ने एक बार फिर बेल्जियम से उसके प्रत्यर्पण की मांग तेज कर दी है, जिससे वह भारतीय कानून के तहत सजा पा सके।

अन्य खबरें