Monday, April 28, 2025
spot_img
Homeकाम की खबरदेशभर में टोल टैक्स में बढ़ोतरी: लखनऊ, दिल्ली-जयपुर और मेरठ समेत कई...

देशभर में टोल टैक्स में बढ़ोतरी: लखनऊ, दिल्ली-जयपुर और मेरठ समेत कई रूट होंगे महंगे

1 अप्रैल से अगर आप नेशनल हाइवे या एक्सप्रेसवे से सफर करने की सोच रहे हैं, तो आपके सफर का खर्च बढ़ने वाला है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने देशभर के कई टोल प्लाजा पर टोल टैक्स दरों में बढ़ोतरी की घोषणा कर दी है। नई दरें 1 अप्रैल 2025 से लागू हो जाएंगी, जो कि 31 मार्च की मध्यरात्रि से ही प्रभावी होंगी।

यात्रियों और वाहन चालकों के लिए यह बड़ा झटका है, क्योंकि अब उन्हें अपने जेब से ज्यादा पैसे चुकाने होंगे। टोल टैक्स में यह वृद्धि विभिन्न रूटों पर अलग-अलग वाहनों के लिए की गई है। खासकर दिल्ली, लखनऊ, जयपुर, मेरठ और वाराणसी जैसे प्रमुख रूटों पर इसका सीधा असर दिखेगा।

लखनऊ रूट पर टोल टैक्स में बढ़ोतरी

लखनऊ रूट पर यात्रा करने वालों को अब अधिक पैसे देने होंगे। लखनऊ-कानपुर, अयोध्या, रायबरेली और बाराबंकी जैसे रूटों पर टोल में वृद्धि की गई है। हल्के वाहनों (कार/जीप) के लिए टोल ₹5 से बढ़ाकर ₹10 कर दिया गया है, जबकि भारी वाहनों के लिए टोल ₹20 से बढ़ाकर ₹25 कर दिया गया है।

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बढ़ा टोल

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और एनएच-9 पर यात्रा करने वालों को अब अधिक टोल टैक्स देना होगा। सराय काले खां से मेरठ तक के लिए टोल ₹165 से बढ़ाकर ₹170 कर दिया गया है। लाइट कमर्शियल वाहनों के लिए टोल ₹275 और ट्रकों के लिए ₹580 कर दिया गया है।

छिजारसी टोल प्लाजा पर भी बढ़ा शुल्क

छिजारसी टोल प्लाजा (एनएच-9) पर भी टोल टैक्स में बदलाव किया गया है। कार का टोल ₹170 से बढ़ाकर ₹175 कर दिया गया है। लाइट कमर्शियल व्हीकल्स के लिए टोल ₹280 और बस/ट्रक के लिए ₹590 कर दिया गया है। गाजियाबाद से मेरठ जाने वालों को अब ₹70 की बजाय ₹75 टोल देना होगा।

दिल्ली-जयपुर हाईवे और एनएच-44 रूट पर भी बढ़ा टोल

1 अप्रैल से खेरकी दौला, घरौंडा और घग्घर टोल प्लाज़ा पर भी नए टोल टैक्स दरें लागू होंगी।

  • घरौंडा टोल प्लाजा: एक तरफ का टोल ₹195 और आने-जाने का टोल ₹290 होगा। भारी वाहनों के मासिक पास की कीमत ₹21,000 से बढ़ाकर ₹21,750 कर दी गई है।
  • घग्घर टोल प्लाजा: कार, जीप और वैन के टोल में ₹5 की बढ़ोतरी। मंथली पास ₹145 महंगा और बस/ट्रक के लिए पास ₹475 होगा।
  • खेरकी दौला टोल प्लाजा: बड़े वाहनों के टोल में ₹5 की बढ़ोतरी। मासिक पास की कीमत ₹930 से बढ़ाकर ₹950 कर दी गई है।

वाराणसी-गोरखपुर और रोहतक रूट पर भी असर

वाराणसी-गोरखपुर एनएच-29 एक्सप्रेसवे पर टोल दरों में 5% की बढ़ोतरी 1 अप्रैल से लागू होगी। हरियाणा के रोहतक में मखदौली और मदीना टोल प्लाज़ा पर भी नई दरें लागू होंगी। कार चालकों को ₹5 और बस/ट्रक मालिकों को ₹10 अतिरिक्त भुगतान करना होगा।

क्यों बढ़ाए गए टोल टैक्स?

NHAI का कहना है कि टोल टैक्स में वृद्धि सड़क मरम्मत और रखरखाव के लिए की गई है। इससे राजस्व बढ़ेगा और सड़कों की गुणवत्ता में सुधार होगा। हालांकि, आम जनता को इस बढ़ोतरी से आर्थिक बोझ का सामना करना पड़ेगा।

अन्य खबरें