शनिवार, 12 अप्रैल 2025 को देश के करोड़ों लोगों को उस वक्त परेशानी का सामना करना पड़ा जब UPI (यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस) अचानक ठप हो गया। यूजर्स ने शिकायत की कि Paytm, PhonePe और Google Pay जैसे बड़े ऐप्स पर ट्रांजैक्शन नहीं हो पा रहे हैं। जो लोग रोजमर्रा के लेन-देन जैसे दुकान की खरीदारी, बिल पेमेंट या मनी ट्रांसफर UPI से करते हैं, उन्हें सबसे ज्यादा दिक्कत आई।
66% यूजर्स ने पेमेंट फेल की रिपोर्ट दी
ऑनलाइन सेवाओं पर नजर रखने वाले प्लेटफॉर्म Downdetector पर शिकायतों की बाढ़ आ गई। दोपहर करीब 12 बजे तक 1,200 से अधिक यूजर्स ने सिस्टम फेल होने की रिपोर्ट दर्ज की। इन शिकायतों में करीब 66% यूजर्स ने पेमेंट फेल, जबकि 34% ने फंड ट्रांसफर न होने की बात कही। यह समस्या किसी एक बैंक या ऐप तक सीमित नहीं थी, बल्कि UPI नेटवर्क लेवल पर दिखाई दी।
क्या है UPI और क्यों है इतना जरूरी?
UPI (Unified Payments Interface) भारत का एक रियल-टाइम पेमेंट सिस्टम है, जिसे NPCI (नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया) ने विकसित किया है। यह सिस्टम मोबाइल ऐप्स के जरिए एक बैंक खाते से दूसरे में तुरंत पैसा ट्रांसफर करने की सुविधा देता है। UPI ट्रांजैक्शन पर NPCI कोई शुल्क नहीं लेता, इसलिए यह आम जनता के बीच काफी लोकप्रिय है।
छोटे-छोटे किराना स्टोर्स से लेकर बड़े व्यापार तक, सभी UPI का इस्तेमाल करते हैं। इसका AutoPay फीचर बिल पेमेंट्स और सब्सक्रिप्शन को भी आसान बनाता है। इसलिए सिस्टम का ठप होना, डिजिटल इंडिया की रफ्तार को झटका देने जैसा है।
NPCI अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं
हालांकि इस आउटेज की असली वजह क्या है, इसका खुलासा अब तक नहीं हो पाया है। ना तो NPCI और ना ही कोई प्रमुख UPI ऐप अब तक आधिकारिक बयान जारी कर पाया है। यूजर्स को फिलहाल सलाह दी जा रही है कि वैकल्पिक भुगतान विकल्प जैसे कि डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग या कैश का इस्तेमाल करें जब तक सेवाएं फिर से सामान्य न हो जाएं।