पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने हाल ही में एक बयान में कश्मीर को पाकिस्तान की “जुगुलर वेन” यानी जीवनरेखा बताया था। इस पर भारत ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने साफ शब्दों में कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का हिस्सा है और पाकिस्तान से उसका सिर्फ एक रिश्ता है — अवैध कब्जा, जिसे खत्म करना होगा।
‘विदेशी चीज जुगुलर वेन कैसे हो सकती है?’
भारत ने असीम मुनीर के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर कोई चीज भारत की नहीं है, तो वो पाकिस्तान की जीवनरेखा कैसे हो सकती है? रंधीर जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “यह भारत का केंद्र शासित प्रदेश है। पाकिस्तान का इससे कोई वास्ता नहीं है, सिवाय इसके कि उसने इस पर अवैध कब्जा कर रखा है जिसे हटाया जाना चाहिए।”
भारत का पुराना स्टैंड दोहराया
भारत ने एक बार फिर वही बात दोहराई जो वह लंबे वक्त से कहता आया है — PoK भारत का हिस्सा है और पाकिस्तान ने उस पर जबरदस्ती कब्जा किया हुआ है। भारत पहले भी संयुक्त राष्ट्र में इस मुद्दे पर पाकिस्तान के झूठे दावों को खारिज कर चुका है। भारत बार-बार कहता रहा है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत के अभिन्न अंग हैं और इसमें कोई विवाद नहीं है।
पाक सेना प्रमुख ने क्या कहा था
जनरल असीम मुनीर ने कहा था कि भारत और पाकिस्तान की सोच, परंपराएं और महत्त्वाकांक्षाएं अलग हैं और इसी वजह से विभाजन हुआ। उन्होंने दावा किया कि कश्मीर पाकिस्तान की “जुगुलर वेन” है और उसे किसी भी हाल में अलग नहीं किया जा सकता। उनका बयान भारत की संप्रभुता और संवैधानिक स्थिति को सीधा चुनौती देने वाला था।
मेहुल चोकसी पर भी भारत ने दी प्रतिक्रिया
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब भगोड़े मेहुल चोकसी के बारे में सवाल किया गया, तो विदेश मंत्रालय ने बताया कि वह बेल्जियम में हिरासत में है। भारत की तरफ से दिए गए प्रत्यर्पण अनुरोध पर ही उसकी गिरफ्तारी हुई है। भारत अब बेल्जियम प्रशासन के साथ मिलकर उसे देश वापस लाने की प्रक्रिया पर काम कर रहा है।

- भारत ने पाक सेना प्रमुख असीम मुनीर के कश्मीर बयान पर सख्त जवाब दिया।
- विदेश मंत्रालय ने कहा- कश्मीर भारत का केंद्रशासित प्रदेश है, इसमें पाकिस्तान का कोई हक नहीं।
- MEA ने मांग की कि पाकिस्तान PoK को तुरंत खाली करे।
- असीम मुनीर ने कश्मीर को पाकिस्तान की “जुगुलर वेन” बताया था।
- मेहुल चोकसी पर भी विदेश मंत्रालय ने कहा- प्रत्यर्पण की प्रक्रिया चल रही है।