Monday, April 28, 2025
spot_img
Homeटॉप न्यूजदिल्ली में तेज बारिश, मुस्तफाबाद में बिल्डिंग ढही; 4 की मौत, 14...

दिल्ली में तेज बारिश, मुस्तफाबाद में बिल्डिंग ढही; 4 की मौत, 14 राज्यों में तूफान-बारिश का अलर्ट

दिल्ली में शुक्रवार देर शाम मौसम ने करवट ली और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हुई। नरेला, पीतमपुरा और मयूर विहार जैसे इलाकों में 0.5 मिमी तक बारिश दर्ज की गई, जिससे दिनभर की चिलचिलाती गर्मी से राजधानीवासियों को थोड़ी राहत जरूर मिली। बारिश के बाद पूसा में तापमान 36°C से गिरकर 27°C और पीतमपुरा-मयूर विहार में 37°C से 27°C तक पहुंच गया। हालांकि अधिकतम तापमान 41°C और न्यूनतम 25.6°C रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक है।

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने और 40–60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है।

मुस्तफाबाद में चार मंजिला इमारत गिरी, 4 की मौत

 बारिश से जहां एक ओर राहत मिली, वहीं मुस्तफाबाद इलाके में देर रात करीब ढाई बजे एक चार मंजिला बिल्डिंग भरभराकर गिर पड़ी। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की जान चली गई। राहत और बचाव कार्य में स्थानीय प्रशासन ने तत्परता दिखाई, लेकिन हादसा दिल्ली के इंफ्रास्ट्रक्चर पर कई सवाल खड़े करता है।

19 अप्रैल 2025 तापमान अनुमान

🌡️ 19 अप्रैल 2025: प्रमुख शहरों का तापमान अनुमान

शहर न्यूनतम तापमान (°C) अधिकतम तापमान (°C)
रायपुर2942
भोपाल2541
जयपुर2740
इंदौर2339
दिल्ली2538
अहमदाबाद2338
मुंबई2737
चंडीगढ़2336
चेन्नई2836
पटना2635
लखनऊ2535
रांची1934
कोलकाता2332
शिमला1521

राजस्थान-मध्यप्रदेश में लू का प्रकोप, तापमान 45°C के पार

दिल्ली की बारिश के विपरीत, राजस्थान और मध्य प्रदेश में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाया। शुक्रवार को खजुराहो, गुना और नौगांव में पारा 44°C पार कर गया। जयपुर और कोटा ने बीते 6 वर्षों का तापमान रिकॉर्ड तोड़ दिया। राजस्थान के 5 जिलों में पारा 45°C या उससे ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने राज्य के 7 जिलों में हीटवेव को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।

मध्यप्रदेश में भी गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर रखा है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर सहित 28 शहरों में लू चलने की स्थिति रही। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक इसी तरह की गर्मी बने रहने की संभावना जताई है।

बिहार, झारखंड और पूर्वी भारत में आंधी-तूफान का अलर्ट

पूर्वी भारत में भी मौसम ने करवट ली है। बिहार के 13 जिलों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, गोपालगंज और सीवान में अगले 3 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हवा की रफ्तार 30-40 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है।

ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड समेत उत्तर-पूर्व के 14 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। इन इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

हरियाणा और पंजाब में भी बारिश का असर

हरियाणा के अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में शुक्रवार को बारिश और तेज आंधी चली। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां 50 किमी/घंटा तक की रफ्तार से हवा चल सकती है। शेष जिलों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है।

पंजाब में शनिवार के लिए बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि बारिश के बावजूद राज्य में तापमान में गिरावट नहीं आई है। राज्य का औसतन तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री ज्यादा बना हुआ है।

हिमाचल में बारिश और ओलावृष्टि, ऑरेंज अलर्ट जारी

हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार रात से मौसम खराब बना हुआ है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, सोलन, सिरमौर, मंडी और शिमला जिलों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तूफान को लेकर शनिवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में रात तक भारी ओलावृष्टि की संभावना जताई है।

अन्य खबरें