Monday, April 28, 2025
spot_img
Homeराज्यहरियाणा में आंधी-बारिश ने मचाई तबाही, बिजली गिरने से खेतों में आग,...

हरियाणा में आंधी-बारिश ने मचाई तबाही, बिजली गिरने से खेतों में आग, कई जिलों में गेहूं की फसल तबाह

हरियाणा में गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन तेज आंधी और बारिश ने मुसीबतें भी साथ ला दीं। शुक्रवार देर रात आए तूफान ने हिसार, सिरसा, झज्जर, कैथल और कुरुक्षेत्र जैसे कई जिलों में तबाही मचा दी। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में अगले 24 घंटे के लिए तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

खेतों में लगी आग, किसानों की मेहनत राख में बदली

हिसार के बरवाला क्षेत्र में बारिश के साथ ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी। सबसे बड़ा झटका तब लगा जब तेज हवाओं और बिजली गिरने से खेतों में आग भड़क उठी। सिरसा, झज्जर, कुरुक्षेत्र और कैथल के 25 से ज्यादा गांवों में गेहूं की खड़ी फसलें जलकर खाक हो गईं। 

कुरुक्षेत्र में लपटें पहुंचीं घरों तक, लोग सड़कों पर भागे

पिहोवा, कुरुक्षेत्र में हालात और भयावह हो गए। खेतों में फैली आग की लपटें तेज हवाओं के कारण पास के रिहायशी इलाकों तक पहुंच गईं। हालात इतने बिगड़ गए कि लोग अपनी जान बचाने के लिए घर छोड़कर सड़कों पर दौड़ पड़े। हालांकि प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए, लेकिन तब तक किसानों को भारी नुकसान हो चुका था।

सड़कों पर पेड़ गिरे, बिजली गुल – यातायात भी हुआ प्रभावित

तेज आंधी के चलते कई इलाकों में पेड़ सड़कों पर गिर गए जिससे यातायात घंटों तक बाधित रहा। कई जगहों पर बिजली के खंभे और तार भी टूट गए, जिससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमों ने रातभर मलबा हटाने का काम किया, लेकिन कई स्थानों पर स्थिति शनिवार सुबह तक सामान्य नहीं हो सकी।

अंबाला में भी बरसी बारिश, मंडियों में गेहूं भीगा

अंबाला जिले में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इससे अनाज मंडियों में खुले में रखी गेहूं की बोरियां भीग गईं। किसानों ने बताया कि मंडी में फसल को ढकने का कोई पुख्ता इंतजाम नहीं था, जिससे अब फसल की गुणवत्ता पर असर पड़ने की आशंका है।

तापमान में उतार-चढ़ाव जारी, बालसमंद सबसे गर्म

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को प्रदेश का औसत तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया। हिसार के बालसमंद क्षेत्र में तापमान 43.7 डिग्री तक पहुंच गया, जो कि सबसे अधिक रहा। दूसरी ओर फरीदाबाद में तापमान 1.1 डिग्री की गिरावट के साथ 39 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

अगले 24 घंटे भी मुश्किल, किसानों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटों के दौरान भी आंधी और बारिश की संभावना जताई है। किसानों को अपनी फसलें बचाने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान के आकलन के लिए टीमें गठित कर दी हैं। साथ ही, राहत और पुनर्वास कार्यों को तेजी से अंजाम देने का दावा किया गया है। उधर, किसान संगठनों ने सरकार से मुआवजे की मांग उठाई है।

अन्य खबरें