भारत की तरफ से सिंधु जल संधि पर दोबारा सोचने के संकेतों के बाद पाकिस्तान के सुर बदल गए हैं। पाकिस्तान की NSC ने कहा कि सिंधु जल संधि एक अंतरराष्ट्रीय समझौता है और भारत इसे अकेले खत्म नहीं कर सकता। पाकिस्तान ने इसे अपनी जनता के लिए जीवन रेखा बताया और धमकी दी कि अगर भारत ने पानी रोका तो यह युद्ध की कार्यवाही मानी जाएगी। पाकिस्तान ने भारत पर यह भी आरोप लगाया कि वह अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन कर रहा है और कश्मीर में अत्याचार कर रहा है।
भारत से सारे समझौते तोड़ने की धमकी
पाकिस्तान ने बयान में कहा कि वह भारत के साथ किए गए सभी द्विपक्षीय समझौतों को निलंबित करने का अधिकार सुरक्षित रखता है। इसमें शिमला समझौता भी शामिल है। पाकिस्तान ने ये भी आरोप लगाया कि भारत पाकिस्तान के अंदर आतंकवाद को बढ़ावा देता है और यूएन के प्रस्तावों को नजरअंदाज कर रहा है।
पाकिस्तान के जवाबी कदम
बैठक के बाद पाकिस्तान ने कई कड़े कदम उठाए हैं। सबसे पहले वाघा बॉर्डर को तत्काल बंद कर दिया गया। भारत से आने-जाने वालों पर रोक लगा दी गई। SAARC वीज़ा योजना के तहत भारतीयों को दिए गए वीज़ा रद्द कर दिए गए हैं। सिख श्रद्धालुओं को छोड़कर बाकी सभी को 48 घंटे में पाकिस्तान छोड़ने का आदेश दिया गया है।
इस्लामाबाद में भारतीय रक्षा, नौसेना और वायुसेना सलाहकारों को अवांछित घोषित कर दिया गया है। उन्हें 30 अप्रैल तक देश छोड़ने को कहा गया है। भारतीय हाई कमीशन में स्टाफ की संख्या भी घटाकर 30 कर दी गई है। साथ ही, भारतीय एयरलाइनों के लिए पाकिस्तान का एयरस्पेस तत्काल बंद कर दिया गया है। भारत के साथ सभी प्रकार का व्यापार, चाहे किसी तीसरे देश के जरिए हो, रोक दिया गया है।
पाकिस्तान की सेना ने दी चेतावनी
पाकिस्तान की तरफ से दावा किया गया कि उसकी सेना पूरी तरह तैयार है और वह देश की सुरक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। NSC की बैठक के बाद पाकिस्तान ने कहा कि भारत के ताज़ा कदम दो राष्ट्र सिद्धांत की सच्चाई को फिर साबित करते हैं। जिन्ना का 1940 वाला पाकिस्तान प्रस्ताव आज भी पूरी तरह प्रासंगिक है, ऐसा पाकिस्तान का दावा है।

- पहलगाम हमले के बाद भारत के फैसलों से पाकिस्तान में घबराहट बढ़ी है।
- पाकिस्तान ने भारत को पानी रोकने पर युद्ध की धमकी दी है।
- वाघा बॉर्डर बंद कर भारत से आवाजाही पर रोक लगाई गई है।
- SAARC वीज़ा योजना में भारतीयों के वीज़ा रद्द किए गए हैं, सिखों को छूट दी गई।
- पाकिस्तान ने एयरस्पेस बंद किया और भारत से हर तरह का व्यापार रोक दिया है।