शनिवार, जून 14, 2025
spot_img
होमटॉप न्यूजअहमदाबाद प्लेन क्रैश: लंदन जा रही हरियाणा की महिला की मौत, टेक...

अहमदाबाद प्लेन क्रैश: लंदन जा रही हरियाणा की महिला की मौत, टेक ऑफ से पहले पिता से वीडियो कॉल पर हुई थी बात

हरियाणा के कुरुक्षेत्र की रहने वाली 55 वर्षीय अंजु शर्मा की अहमदाबाद विमान हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वह गुरुवार को एअर इंडिया के ड्रीमलाइनर विमान से लंदन जा रही थीं, जहां उनकी छोटी बेटी निम्मी रहती है। हादसे से कुछ घंटे पहले अंजु ने अपने बीमार पिता से वीडियो कॉल पर बात की थी। उन्होंने वादा किया था- लौटकर मिलने जरूर आऊंगी।

वडोदरा में रह रहीं थीं परिवार संग

अंजु पिछले कुछ सालों से वडोदरा में अपने परिवार के साथ रह रही थीं। कुरुक्षेत्र के रामशरण माजरा गांव की मूल निवासी अंजु, इन दिनों गुजरात में अपनी बड़ी बेटी हन्नी और दामाद अमित के साथ रह रही थीं। उन्होंने अपनी उड़ान से पहले सुबह-सुबह पिता को कॉल किया था। उस वक्त वह अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बैठी थीं, और लंदन में करीब 6 महीने रुकने की योजना थी।

डीएनए मिलान से होगी पहचान

पुलिस ने बताया कि हादसे में मारे गए यात्रियों की पहचान के लिए डीएनए सैंपल लिए जा रहे हैं। अंजु की पहचान की पुष्टि उनकी बेटी निम्मी से डीएनए मिलान कर की जाएगी। विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिसमें 12 क्रू मेंबर्स भी शामिल थे। अभी तक सिर्फ एक व्यक्ति के बचने की सूचना मिली है।

पति की हो चुकी है मौत

अंजु की शादी 1990 में पंजाब के पटियाला जिले के अलाना गांव निवासी पवन शर्मा से हुई थी। पवन एक केमिकल प्लांट में काम करते थे और चार साल पहले एक हादसे में उनकी मौत हो गई थी। अंजु की दो बेटियां हैं—हन्नी और निम्मी। निम्मी अपने पति राहुल के साथ लंदन में रहती हैं, जबकि हन्नी वडोदरा में अपने पति के साथ हैं।

बीमार पिता से मिलने लौटी थीं गांव

करीब 10 दिन पहले अंजु अपने बीमार पिता जगदीश शर्मा से मिलने के लिए रामशरण माजरा गांव आई थीं। उनके पिता आबकारी विभाग से सेवानिवृत्त हैं और इन दिनों स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। गांव में रहने वाले परिजन वैभव शर्मा ने बताया कि लंबे समय बाद अंजु गांव लौटी थीं, क्योंकि उनके पिता की तबीयत ठीक नहीं चल रही थी।

टेक ऑफ से पहले की आखिरी बात

गुरुवार की सुबह अंजु ने एयरपोर्ट से अपने पिता को वीडियो कॉल किया था। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि वे 6 महीने के लिए लंदन जा रही हैं और लौटने के बाद गांव जरूर आएंगी। लेकिन नियति को कुछ और मंजूर था। वही कॉल पिता के लिए आखिरी संवाद बन गई।

अन्य खबरें