रविवार, जून 15, 2025
spot_img
होमटॉप न्यूजदेश के 27 राज्यों में फैला कोरोना, 5 दिनों में 37 मौतें,...

देश के 27 राज्यों में फैला कोरोना, 5 दिनों में 37 मौतें, एक्टिव केस 4300 के पार

देश में एक बार फिर कोविड-19 संक्रमण ने दस्तक दी है। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 4302 हो चुकी है, जो 27 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से रिपोर्ट हुए हैं। मंगलवार को करीब 300 नए केस सामने आए, जिनमें सबसे अधिक 1373 केस केरल से दर्ज किए गए। महाराष्ट्र 510 मामलों के साथ दूसरे स्थान पर है।

जनवरी 2025 से अब तक कोविड से 44 मौतें हो चुकी हैं, जिनमें से 37 मौतें केवल पिछले 5 दिनों में दर्ज की गई हैं। मंगलवार को महाराष्ट्र में चार मरीजों ने दम तोड़ा, जिससे राज्य में कुल मौतों की संख्या 14 हो गई है। इसके अलावा दिल्ली, गुजरात और तमिलनाडु में भी एक-एक मौत की पुष्टि हुई है।

हिमाचल में पहला केस, मास्क अनिवार्य

हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को कोविड का पहला मामला सामने आया। इसके बाद राज्य सरकार ने सभी अस्पतालों में मास्क अनिवार्य कर दिए हैं। मरीजों के साथ आने वालों को भी मास्क पहनना जरूरी होगा। देर रात राज्य की स्वास्थ्य एजेंसियों ने नई एडवाइजरी जारी की। इधर, स्वास्थ्य और आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार पूरी तरह सतर्क है। सभी राज्यों से फीडबैक लिया जा रहा है। पिछली लहरों के दौरान स्थापित ऑक्सीजन प्लांट, ICU बेड, और हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर की समीक्षा भी पूरी हो चुकी है।

मिजोरम में 7 महीने बाद फिर केस

मिजोरम में सात महीने बाद कोविड-19 के दो नए मरीज मिले हैं। यह मामले 30 मई को दर्ज किए गए, जिनका इलाज जोरम मेडिकल कॉलेज, आइजोल में चल रहा है। IDSP ने नागरिकों से डरने की बजाय प्रोटोकॉल पालन करने की अपील की है।

महाराष्ट्र में टेस्टिंग बढ़ी, 10 हजार से ज्यादा सैंपल

महाराष्ट्र सरकार ने बताया कि 31 मई को कोविड के 68 नए केस मिले। जनवरी से अब तक राज्य में 10,324 टेस्ट किए गए, जिनमें 681 लोग संक्रमित मिले। अकेले मुंबई में इस वर्ष 411 केस सामने आ चुके हैं।

देश में कोविड के 4 नए वैरिएंट्स मिले

ICMR के अनुसार, भारत में अब तक चार नए कोविड वैरिएंट्स की पुष्टि हो चुकी है — LF.7, XFG, JN.1 और NB.1.8.1। इनमें से JN.1 सबसे सामान्य पाया गया है, जो कुल नमूनों में से 50% से अधिक में पाया गया। विशेषज्ञों के मुताबिक, NB.1.8.1 वैरिएंट में A435S, V445H और T478I जैसे म्यूटेशन हैं, जो वायरस को अधिक तेजी से फैलने में मदद करते हैं।

WHO ने इन वैरिएंट्स को अभी तक चिंताजनक नहीं माना है, लेकिन इन्हें निगरानी के तहत रखे गए स्ट्रेन्स में शामिल किया है। दक्षिण और पश्चिम भारत से लिए गए सैंपल्स में इनकी पुष्टि हुई है, और आगे की सीक्वेंसिंग जारी है।

हाईकोर्ट ने केंद्र से मांगी रिपोर्ट

दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा कि कोविड की अगली महामारी समाप्त नहीं हुई है, बल्कि यह अभी भी मौजूद है। अदालत ने केंद्र सरकार से सैंपल कलेक्शन और ट्रांसपोर्ट पॉलिसी को लेकर उठाए गए कदमों की जानकारी मांगी है। 30 मई 2023 को हुई बैठक के निर्णयों को लागू करने में यदि कोई खामी है तो वह गंभीर मामला है।

अन्य खबरें