रविवार, जून 15, 2025
spot_img
होमटॉप न्यूजभारत में चार नए कोविड वैरिएंट मिले, 48 घंटे में 1000 से...

भारत में चार नए कोविड वैरिएंट मिले, 48 घंटे में 1000 से ज्यादा केस, 28 मौतें

देश में कोरोना वायरस एक बार फिर रफ्तार पकड़ता नजर आ रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, एक्टिव केसों की संख्या 3,783 तक पहुंच चुकी है। पिछले 48 घंटों में 1,000 से ज्यादा नए मामले दर्ज किए गए हैं।
केरल में सबसे ज्यादा 1,400 एक्टिव केस हैं, जबकि महाराष्ट्र में 485 और दिल्ली में 436 मरीज इलाजरत हैं। इसके साथ ही कोविड-19 के बढ़ते केसों ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

जनवरी से अब तक 28 मौतें दर्ज

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जनवरी 2025 से अब तक कोरोना से 28 मौतें हो चुकी हैं, जिनमें से 21 सिर्फ बीते दो दिनों में हुई हैं। शनिवार को बेंगलुरु में एक 63 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई, जिसे दो वैक्सीन डोज और बूस्टर भी लगे थे। वहीं, दिल्ली में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत कोरोना संक्रमण के चलते हुई। केरल और महाराष्ट्र में 7-7 मौतें दर्ज की गई हैं।

कर्नाटक सरकार ने जारी की एडवाइजरी

कर्नाटक सरकार ने शनिवार को एक पब्लिक एडवाइजरी जारी करते हुए नागरिकों से अपील की कि वे भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनें, सामाजिक दूरी बनाए रखें और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें। खांसी, बुखार, सीने में दर्द या सांस लेने में परेशानी होने पर तुरंत जांच कराने की सलाह दी गई है।

मिजोरम में 7 महीने बाद दो केस मिले

मिजोरम में शुक्रवार को कोविड के दो नए मामले दर्ज किए गए, जो कि राज्य में 7 महीने बाद पहली बार संक्रमण की पुष्टि है। इससे पहले अक्टूबर 2024 में 73 संक्रमित केस मिले थे। दोनों नए मरीजों का इलाज जोरम मेडिकल कॉलेज में जारी है।
राज्य के IDSP ने लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने की अपील की है और कोविड गाइडलाइन का पालन करने को कहा है। महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि शनिवार को 68 नए केस मिले हैं। मुंबई में जनवरी से अब तक 749 संक्रमित मरीज सामने आ चुके हैं। अब तक पूरे राज्य में 9,592 कोविड टेस्ट किए जा चुके हैं।

देश में मिले कोविड के 4 नए वैरिएंट

ICMR के अनुसार, भारत में चार नए कोविड वैरिएंट की पहचान हुई है: LF.7, XFG, JN.1 और NB.1.8.1। यह वैरिएंट खासकर दक्षिण और पश्चिम भारत में पाए गए हैं।
JN.1 देश में सबसे अधिक पाया जाने वाला वैरिएंट है, जबकि BA.2 और ओमिक्रॉन सबलाइनेज भी सक्रिय हैं। NB.1.8.1 में कुछ ऐसे स्पाइक म्यूटेशन हैं जो तेज़ी से फैलते हैं और पूर्व इम्यूनिटी को मात दे सकते हैं।

WHO की निगरानी में लेकिन खतरे की आशंका नहीं

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इन वैरिएंट्स को ‘वॉच लिस्ट’ में रखा है लेकिन फिलहाल ‘चिंताजनक’ नहीं माना है। विशेषज्ञों का मानना है कि संक्रमण की गति पर नजर बनाए रखना जरूरी है, लेकिन अत्यधिक घबराने की जरूरत नहीं है।

अन्य खबरें