हरियाणा में मानसून का इंतजार जैसे-जैसे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे गर्मी का कहर भी तीखा होता जा रहा है। बीते कुछ दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है और अब स्थिति यह है कि प्रदेश के कई जिलों में पारा 45 डिग्री के पार जा चुका है। सोमवार को सिरसा 46.4 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, वहीं रोहतक में भी तापमान 45.6 डिग्री दर्ज किया गया।
भारतीय मौसम विभाग ने सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और रोहतक जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में दिन और रात दोनों समय गर्म हवाएं चलने की संभावना है। हरियाणा के अन्य हिस्सों के लिए यलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
लगातार तीसरे दिन पारा 45 के पार
पिछले तीन दिनों से हरियाणा में लू की स्थिति बनी हुई है। दिन का तापमान कई जगहों पर 45 डिग्री से ऊपर दर्ज हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, 13 जून तक प्रदेश में इसी तरह की गर्म और शुष्क परिस्थितियां बनी रहेंगी। खेतों से लेकर बाजारों तक सन्नाटा पसरा है और दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही बेहद कम हो गई है।
उत्तर-पश्चिमी हवाएं करेंगी और परेशान
आने वाले दिनों में प्रदेश में उत्तर-पश्चिमी और पश्चिमी दिशा की हवाएं चलेंगी। ये हवाएं शुष्क और गर्म होती हैं, जिससे दिन के तापमान में और इज़ाफा होगा। इसके साथ ही हल्के बादलों के बीच धूलभरी हवाएं भी चलने की संभावना जताई गई है। हालांकि, 14 जून के बाद हवाओं की दिशा में बदलाव होगा और वातावरण में नमी आने की उम्मीद है। इससे आंशिक बादल छाने की संभावना बन सकती है।
लू से राहत की उम्मीद 14 जून के बाद
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 14 जून के बाद पश्चिमी हवाओं की जगह उत्तर-पूर्वी हवाएं सक्रिय हो सकती हैं। इससे नमी बढ़ेगी और दिन के तापमान में थोड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है। हालांकि फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है।
हरियाणा में 10 से 13 जून तक का मौसम अलर्ट
10 जून: सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और रोहतक में ऑरेंज अलर्ट, अन्य जिलों में यलो अलर्ट।
11 जून: वही पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट, शेष हरियाणा में यलो अलर्ट।
12 जून: 15 जिलों में यलो अलर्ट, शेष हिस्सों में सामान्य मौसम।
13 जून: 10 जिलों में यलो अलर्ट, अन्य में साफ मौसम।