हरियाणा में गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। बुधवार को सिरसा का तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, जो राज्य का सबसे गर्म जिला रहा। भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के 9 जिलों में अगले दो दिनों के लिए लू का रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी शामिल हैं। इन जिलों में तापमान 48 डिग्री तक पहुंच सकता है।
13 जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट
इन 9 जिलों के अलावा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, करनाल, पानीपत और सोनीपत में ऑरेंज या यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 2–3 दिन गर्मी अपने चरम पर रहेगी, जिसके बाद पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है।
DC की गाइडलाइन: घरों में रहें
गुरुग्राम के डिप्टी कमिश्नर अजय कुमार ने हीटवेव को लेकर एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने लोगों से सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर न निकलने की अपील की है। साथ ही कहा है कि यदि जरूरी हो तो सिर और चेहरा ढककर, चश्मा या टोपी लगाकर ही बाहर जाएं।
तापमान में गिरावट की संभावना
मौसम विभाग का अनुमान है कि 14 जून से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे गर्मी से आंशिक राहत मिल सकती है। 14 से 16 जून के बीच हरियाणा के कई हिस्सों में धूलभरी हवाएं और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट संभव है।
राज्य भर में लू का असर
बुधवार को हरियाणा के 6 जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री ज्यादा रहा। जबकि प्रदेश भर में औसतन 0.9 डिग्री की गिरावट जरूर आई, लेकिन राहत महसूस नहीं हुई।