रविवार, जून 15, 2025
spot_img
होमटॉप न्यूजभारत में कोविड के 4 नए वैरिएंट मिले, केस 1100 पार, मौतों...

भारत में कोविड के 4 नए वैरिएंट मिले, केस 1100 पार, मौतों का आंकड़ा 12 तक पहुंचा

देशभर में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले एक बार फिर बढ़ते दिख रहे हैं। ताजा सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत में सक्रिय मामलों की संख्या अब 1107 हो गई है। इन केसों में सबसे अधिक 430 मरीज केरल से सामने आए हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में 208, दिल्ली में 104, कर्नाटक में 100 और गुजरात में 83 एक्टिव केस दर्ज किए गए हैं। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से कोरोना से जुड़ी एक चिंताजनक खबर सामने आई है। मंगलवार को वहां 78 साल के एक बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिनकी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। यह यूपी में कोविड के नए वैरिएंट से हुई पहली मौत मानी जा रही है।

मौतों का आंकड़ा 12 पहुंचा

देश के अलग-अलग राज्यों से अब तक कोरोना से कुल 12 मौतों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें महाराष्ट्र, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और मध्य प्रदेश से 11 मरीजों की मौत की सूचना मिली है। हाल ही में जयपुर में दो और मरीजों की जान गई, जिनमें से एक रेलवे स्टेशन पर मृत मिला, जबकि दूसरा 26 वर्षीय युवक था, जो पहले से टीबी का मरीज था।

महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 5 मौतें
राज्य मृतक ऐक्टिव केस
महाराष्ट्र 5 208
केरल 2 430
राजस्थान 2 32
मध्य प्रदेश 1 5
कर्नाटक 1 80
यूपी 1 30

ठाणे और बेंगलुरु में भी जानें गईं

महाराष्ट्र के ठाणे में भी दो मरीजों की मौत कोरोना से इलाज के दौरान हुई है। 21 वर्षीय युवक और एक महिला की जान अस्पताल में गई। वहीं, बेंगलुरु में 84 वर्षीय बुजुर्ग की मौत मल्टी ऑर्गन फेल्योर के चलते हुई, बाद में उनकी कोविड रिपोर्ट भी पॉजिटिव पाई गई। केरल में दो लोगों की जान कोविड के कारण चली गई।

भारत में मिले चार नए वैरिएंट

कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच ICMR के डायरेक्टर डॉ. राजीव बहल ने मीडिया को बताया है कि देश में अब तक कोविड-19 के चार नए वैरिएंट मिले हैं। ये हैं LF.7, XFG, JN.1 और NB.1.8.1। इनमें से JN.1 भारत में सबसे आम वैरिएंट है, जो अब तक टेस्ट किए गए आधे से ज्यादा सैंपल में पाया गया है। इसके अलावा BA.2 और ओमिक्रॉन की सबलाइनेज भी मिल रही हैं।

WHO की निगरानी में नए वैरिएंट

वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (WHO) ने इन नए वैरिएंट्स को फिलहाल चिंताजनक नहीं माना है, लेकिन इन्हें निगरानी में रखे गए वैरिएंट्स की श्रेणी में जरूर रखा है। खास बात यह है कि NB.1.8.1 वैरिएंट के स्पाइक प्रोटीन म्यूटेशन (A435S, V445H, T478I) अन्य वैरिएंट्स की तुलना में तेजी से फैलने में सक्षम हैं और पहले से बनी इम्यूनिटी को चकमा देने की क्षमता भी रखते हैं।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

ICMR का कहना है कि अभी हालात गंभीर नहीं हैं और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्कता जरूरी है। सैंपल की सीक्वेंसिंग जारी है ताकि किसी नए या म्यूटेटेड वैरिएंट को जल्दी पहचाना जा सके।

 Nationalbreaking.com । नेशनल ब्रेकिंग - सबसे सटीक
  • भारत में कोविड-19 के एक्टिव केस बढ़कर 1107 हो गए हैं, जिनमें सबसे अधिक मामले केरल (430) और महाराष्ट्र (208) से हैं।
  • उत्तर प्रदेश में कोविड के नए वैरिएंट से पहली मौत फिरोजाबाद में दर्ज हुई, मृतक 78 वर्षीय बुजुर्ग थे।
  • देशभर में कोविड से कुल 12 मौतें हो चुकी हैं, जिनमें राजस्थान, बंगाल, कर्नाटक और मध्य प्रदेश के मरीज शामिल हैं।
  • ICMR ने भारत में कोविड-19 के 4 नए वैरिएंट की पुष्टि की है: LF.7, XFG, JN.1 और NB.1.8.1, जिसमें JN.1 सबसे आम है।
  • WHO ने इन वैरिएंट्स को गंभीर श्रेणी में नहीं रखा है, लेकिन सतर्कता और निगरानी की सलाह दी गई है।
अन्य खबरें