केरल से 24 मई को दस्तक देने के बाद मानसून महज छह दिन में देश के 17 राज्यों में पहुंच चुका है। इस दौरान देश में औसत से 33% अधिक बारिश दर्ज की गई है। गुरुवार को यह सिस्टम पूर्वोत्तर के बचे हिस्सों और सिक्किम होते हुए हिमालयी पश्चिम बंगाल तक जा पहुंचा।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि शुक्रवार तक मानसून बिहार और शेष पश्चिम बंगाल को कवर कर सकता है, लेकिन इसके बाद इसकी गति थमने के आसार हैं। बंगाल की खाड़ी में बना एक गहरा दबाव वाला क्षेत्र (डिप्रेशन) अब बांग्लादेश की ओर बढ़ रहा है, जो मानसून को उत्तर भारत की ओर धकेलने के बजाय विपरीत दिशा में खींचेगा।
10 दिन तक थम सकता है मानसून
इस बदलाव के चलते मानसून की गति अगले 2–3 दिनों में और धीमी हो सकती है। अनुमान है कि इसके प्रभाव से उत्तर भारत, खासकर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और दिल्ली-हरियाणा क्षेत्र में मानसून पर एक हफ्ते से 10 दिन का ब्रेक लग सकता है।
राज्यों में बारिश का असर और अलर्ट
केरल में छुट्टियों का ऐलान
लगातार बारिश और अलर्ट के चलते कन्नूर, एर्नाकुलम, कोट्टायम, त्रिशूर सहित 10 जिलों में सभी शैक्षणिक संस्थानों में शुक्रवार को छुट्टी घोषित कर दी गई है।
बिहार में भारी बारिश की चेतावनी
31 मई तक किशनगंज, कटिहार, भागलपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 32 जिलों में यलो अलर्ट जारी है। हवा की गति 40 किमी/घंटे तक हो सकती है।
महाराष्ट्र में गति घटी, नया सिस्टम सक्रिय
अरब सागर का लो प्रेशर एरिया कमजोर पड़ा है, जिससे मानसून की गति घटी है। लेकिन बंगाल की खाड़ी में बना नया सिस्टम तटीय जिलों को प्रभावित कर सकता है।
असम में भारी बारिश की संभावना
पश्चिम बंगाल–बांग्लादेश तट पार करने के बाद डिप्रेशन असम की ओर बढ़ा है। कछार, बोंगाईगांव, कामरूप, नागांव जैसे जिलों में भारी बारिश का अनुमान है।
राजस्थान में बारिश और आंधी का दौर
बीकानेर, करौली, बाड़मेर में बारिश और धूलभरी आंधी का सिलसिला गुरुवार को देखने को मिला। अगले 2-3 दिन यह स्थिति बनी रह सकती है।
मध्य प्रदेश में नौतपा भीग गया
भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर समेत 36 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी है। गुरुवार को 10 से अधिक जिलों में तेज आंधी और बारिश हुई। नरसिंहपुर में आंधी की गति 60 किमी/घंटे तक रही।
हरियाणा और पंजाब में मौसम ने ली करवट
हरियाणा के अंबाला, फतेहाबाद, कैथल समेत कई जिलों में सुबह हल्की बारिश और धूलभरी हवाओं का असर रहा। मौसम विभाग ने 9 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। पंजाब में भी बठिंडा, फरीदाबाद, सोनीपत सहित 20 जिलों में मौसम अलर्ट है। हालांकि गुरुवार को बारिश दर्ज नहीं हुई, लेकिन रात में कुछ हिस्सों में छींटे पड़े। आज भी 60 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।