देश के कई हिस्सों में मौसम फिर से करवट ले रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि उत्तर भारत के 9 राज्यों में अगले 48 घंटों में तापमान 5 डिग्री तक बढ़ सकता है। इनमें राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और बिहार शामिल हैं।
राजस्थान के बीकानेर, जैसलमेर और बाड़मेर में पारा पहले ही 43 डिग्री पार कर चुका है। 8 से 10 जून के बीच यहां तापमान 45 से 46 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं। साथ ही 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग ने हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
मानसून की रफ्तार थमी, मध्य भारत में इंतजार
24 मई को केरल पहुंचा मानसून अभी महाराष्ट्र के विदर्भ, दक्षिण छत्तीसगढ़, ओडिशा और सिक्किम तक ही सीमित है। बिहार में हल्की प्री-मानसून गतिविधियां जरूर दर्ज की गई हैं, लेकिन असली मानसून के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना होगा।
आईएमडी के मुताबिक बंगाल और बिहार में 10 जून तक मानसून के पहुंचने की संभावना है, जबकि मध्य प्रदेश को कम से कम 15 जून तक का इंतजार करना पड़ सकता है।
अरुणाचल में बाढ़ से थोड़ी राहत, 6 गांव अभी भी डूबे
उत्तर-पूर्वी भारत में बारिश का असर जारी है। अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में बाढ़ से हालात बिगड़े हुए हैं। यहां 6 गांव अब भी पानी में डूबे हैं और 2,231 लोग बेघर हो चुके हैं। हालांकि, कुछ नदियां अब खतरे के निशान से नीचे बहने लगी हैं।
इधर, असम, मेघालय और अरुणाचल में 9 जून को भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। आंध्र प्रदेश और दक्षिणी राज्यों के कुछ हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा।
राजस्थान, पंजाब और यूपी में गर्म हवाओं का अलर्ट
उत्तर भारत के कई राज्यों में गर्म पछुआ हवाएं लौट आई हैं। यूपी में 7 जून से सभी जिलों में तापमान में तेज़ बढ़ोतरी दर्ज होने की संभावना है। विंध्य, बुंदेलखंड और प्रयागराज क्षेत्रों में 9 और 10 जून को लू चलने की चेतावनी है।
पंजाब में पिछले 24 घंटों में तापमान में औसतन 1.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने 9 जून से गर्मी के और तीव्र होने और हीटवेव की स्थिति बनने का अलर्ट जारी किया है।
मध्य प्रदेश और बिहार में सूखा मौसम, लेकिन अलर्ट जारी
मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में 9 और 10 जून को लू का असर दिख सकता है। हालांकि इससे पहले 7 और 8 जून को कुछ जिलों में बारिश होने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने 20 जिलों में आंधी और बारिश का अनुमान जताया है।
बिहार में अभी मौसम शांत है। बारिश की संभावना बेहद कम है, लेकिन तापमान 3 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है। मौसम में अचानक बदलाव की स्थिति में कुछ हिस्सों में आंधी और हल्की बारिश हो सकती है।
हिमाचल में पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक
11 जून को हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के संकेत हैं, हालांकि इसका असर मुख्यतः ऊंचाई वाले इलाकों में ही रहेगा। 10 जून तक राज्य का मौसम साफ और शुष्क रहने की उम्मीद है।