हरियाणा के करनाल में रविवार को मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘संकल्प से सिद्धि’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। करनाल लोकसभा क्षेत्र में हुई इस कार्यशाला में केंद्रीय मंत्री व पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर मुख्य वक्ता के तौर पर शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को केंद्र की उपलब्धियों के बारे में बताया और संगठनात्मक ऊर्जा को मजबूत करने पर जोर दिया।
राहुल गांधी को लेकर तीखे तेवर
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए खट्टर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी को काम करना नहीं आता, इसलिए वह हमेशा दूसरों की थाली में झांकते रहते हैं।”
खट्टर ने कहा कि कांग्रेस के पास न कोई दिशा है, न ही कोई नीति या कार्यक्रम, जिससे वह अपनी राजनीतिक जमीन दोबारा तैयार कर सके। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा—“नाच न जाने, आंगन टेड़ा”—यह कहावत राहुल गांधी पर पूरी तरह फिट बैठती है।
‘बिना तथ्य के आरोप लगाती है कांग्रेस’
पूर्व मुख्यमंत्री का कहना था कि कांग्रेस अब तथ्यहीन आरोपों की राजनीति करने वाली पार्टी बनकर रह गई है। “आज जनता उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेती। सिर्फ आलोचना करने से न संगठन खड़ा होता है और न देश की सेवा होती है।”
‘घोड़ों’ वाले बयान पर भी कटाक्ष
राहुल गांधी द्वारा कार्यकर्ताओं की तुलना घोड़ों से किए जाने पर भी खट्टर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जिसे घोड़ों की समझ नहीं, वह अपने ही लोगों को ‘लंगड़ा घोड़ा’ कहकर अपमानित करता है। खट्टर ने इस टिप्पणी को कांग्रेस की आंतरिक विफलता का परिचायक बताया। उन्होंने कहा यदि कांग्रेस को पार्टी चलाना नहीं आता, तो वह भाजपा से सलाह ले सकती है, हम उन्हें संगठन खड़ा करना सिखा देंगे।
मोदी सरकार की 11 साल की उपलब्धियां गिनाईं
मनोहर लाल ने कहा कि “मोदी सरकार के 11 वर्षों में जो कार्य हुए हैं, वे राष्ट्र निर्माण की सोच से जुड़े हैं।” उन्होंने बताया कि ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, डिजिटल सेवाएं, महिला सशक्तिकरण और किसान कल्याण जैसी योजनाएं आम जनजीवन को बेहतर बनाने की दिशा में कारगर साबित हुई हैं।
‘विकास और राष्ट्र पहले’ की नीति
खट्टर ने कहा कि केंद्र सरकार की प्राथमिकता राष्ट्र की उन्नति है। “हमारी योजनाएं व्यक्ति, परिवार और समाज को एकजुट करके समृद्ध भारत की दिशा में ले जा रही हैं।” उन्होंने बताया कि आंतरिक सुरक्षा से लेकर सामाजिक कल्याण तक, हर पहलू पर ठोस काम किया गया है।
हरियाणा में पारदर्शिता और जनभागीदारी पर जोर
कार्यक्रम में खट्टर ने यह भी कहा कि हरियाणा सरकार ने अपने कार्यकाल में पारदर्शी और जवाबदेह शासन देने की कोशिश की है। “हमारी कई योजनाएं ऐसी हैं जो सीधे जनता से जुड़ती हैं, जैसे परिवार पहचान पत्र, ई-गवर्नेंस और सीधा लाभ हस्तांतरण।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इन उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं।