Tuesday, April 29, 2025
spot_img
Homeटॉप न्यूजदेश के कई राज्यों में हीटवेव अलर्ट, पूर्वोत्तर में भारी बारिश की...

देश के कई राज्यों में हीटवेव अलर्ट, पूर्वोत्तर में भारी बारिश की चेतावनी, जैसलमेर में टूटा 6 साल का रिकॉर्ड

उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में गर्मी चरम पर है। वहीं दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों में 29 अप्रेल को भारी बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग ने केरल, कर्नाटक, ओडिशा, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं दूसरी ओर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और राजस्थान में हीटवेव के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। राजस्थान में तो हालात इतने बिगड़े कि सिर्फ प्रतापगढ़ और हनुमानगढ़ को छोड़कर सभी शहरों में पारा 40 डिग्री के पार चला गया।

उत्तर भारत में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी, राजस्थान में हालात सबसे गंभीर

जैसलमेर ने 46.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ 6 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। बाड़मेर भी पीछे नहीं रहा, यहां पारा 46.4 डिग्री तक पहुंच गया। जोधपुर ने पिछले 5 सालों में सबसे ज्यादा 44.4 डिग्री का तापमान दर्ज किया। जयपुर, अलवर, भीलवाड़ा जैसे शहरों में भी तापमान 42 डिग्री पार रहा।

फलोदी, गंगानगर, बीकानेर, जालोर, पिलानी, चित्तौड़गढ़ और कोटा जैसे शहर भी लू की चपेट में आ गए, जहां सुबह 10 बजे के बाद ही तापमान 40 डिग्री के ऊपर पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 1 मई से एक नया वेदर सिस्टम राजस्थान में सक्रिय होगा, जिससे आंधी और बारिश की शुरुआत हो सकती है।

मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और यूपी में आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया कि मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्सों—शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट—में बारिश हो सकती है। नर्मदापुरम, सागर और जबलपुर जैसे क्षेत्रों में भी अगले 4 दिन तक मौसम बदला रहेगा। वहीं, ग्वालियर-चंबल संभाग में गर्मी का असर बना रहेगा।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के मुताबिक, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ लाइन की वजह से इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।

पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और ओडिशा में कालबैसाखी का कहर जारी

पूर्वी राज्यों में कालबैसाखी का मौसम पूरी तरह सक्रिय है। इस दौरान तूफानी हवाएं, तेज बिजली और भारी बारिश देखने को मिल रही है। ओडिशा और झारखंड में अगले कुछ दिनों तक यह सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

पंजाब-हरियाणा और हिदेश के कई राज्यों में हीटवेव अलर्ट, पूर्वोत्तर में भारी बारिश की चेतावनीमाचल में लू का कहर, लेकिन जल्द बदलेगा मौसम

पंजाब में बठिंडा का तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं हरियाणा में सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और भिवानी में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 1 मई से राज्य में मौसम में बदलाव शुरू होगा और 3 मई तक कई जिलों में बारिश और आंधी का असर देखा जा सकता है।

हिमाचल प्रदेश के ऊना, कुल्लू और मंडी जिलों में भी हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। ऊना का तापमान 41.6 डिग्री तक पहुंच गया है, जो सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक है।

अगले तीन दिन का मौसम पूर्वानुमान

30 अप्रैल : उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों—पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और मध्यप्रदेश—में हीटवेव जारी रहेगी। यूपी, बिहार, झारखंड, गुजरात और छत्तीसगढ़ में भी तेज गर्मी का असर रहेगा। ओडिशा और केरल में भारी बारिश के आसार हैं।

1 मई :  हीटवेव का असर पंजाब, राजस्थान और गुजरात में बना रहेगा। वहीं कर्नाटक, केरल, यूपी, झारखंड, ओडिशा, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज बारिश की चेतावनी है।

2 मई :  उत्तर-पश्चिम भारत में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने के संकेत हैं। राजस्थान और मध्यप्रदेश में धूलभरी आंधियां चल सकती हैं। पूर्वोत्तर राज्यों और केरल-कर्नाटक में बारिश होगी, जबकि तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में उमस बनी रहेगी।

 Nationalbreaking.com । नेशनल ब्रेकिंग - सबसे सटीक
  • राजस्थान के जैसलमेर और बाड़मेर में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा।
  • केरल, कर्नाटक, ओडिशा, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की चेतावनी।
  • मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और यूपी में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी।
  • पंजाब, हरियाणा और हिमाचल के कई जिलों में येलो अलर्ट और तापमान सामान्य से अधिक।
  • 1 मई से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत में मौसम में बदलाव और बारिश की संभावना।
अन्य खबरें