केंद्र सरकार ने पूर्व रक्षा सचिव और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अजय कुमार को संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) का नया चेयरमैन नियुक्त किया है। यह पद 29 अप्रैल को तत्कालीन अध्यक्ष प्रीति सूदन का कार्यकाल समाप्त होने पर रिक्त हो गया था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की औपचारिक मंजूरी के बाद अब अजय कुमार ने इस अहम जिम्मेदारी को संभाल लिया है।
अजय कुमार का प्रशासनिक सफर
अजय कुमार 1985 बैच के केरल कैडर के सेवानिवृत्त IAS अधिकारी हैं। उन्होंने 23 अगस्त 2019 से 31 अक्टूबर 2022 तक रक्षा सचिव के रूप में कार्य किया था। रक्षा मंत्रालय में रहते हुए वे देश की रक्षा नीति, सुरक्षा योजनाओं और हथियारों की खरीद प्रक्रिया जैसे अहम क्षेत्रों से जुड़े रहे। कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि अजय कुमार की नियुक्ति या तो छह वर्ष की अवधि के लिए होगी या फिर 65 वर्ष की आयु तक जो भी पहले हो।
UPSC के ढांचे में खाली पद और बढ़ती जिम्मेदारियां
UPSC देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा संस्था है, जो हर वर्ष IAS, IPS, IFS सहित केंद्रीय सेवाओं के लिए अधिकारी चयन प्रक्रिया को करवाती है। आयोग में कुल 10 सदस्य हो सकते हैं, लेकिन वर्तमान में दो पद रिक्त हैं। यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब युवाओं की UPSC में रुचि लगातार बढ़ रही है और परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और दक्ष बनाने की मांग बढ़ती जा रही है।
अजय कुमार की नियुक्ति को UPSC के संचालन के लिहाज से एक सशक्त प्रशासनिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। उनके अनुभव और रणनीतिक कौशल से आयोग की कार्यप्रणाली में प्रभावी सुधार की संभावना जताई जा रही है।