Monday, April 28, 2025
spot_img
Homeबाजारअनंत अंबानी बने रिलायंस इंडस्ट्रीज के फुल-टाइम डायरेक्टर, 1 मई से संभालेंगे...

अनंत अंबानी बने रिलायंस इंडस्ट्रीज के फुल-टाइम डायरेक्टर, 1 मई से संभालेंगे जिम्मेदारी

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने अनंत अंबानी को कंपनी का पूर्ण कालिक डायरेक्टर नियुक्त करने का फैसला लिया है। स्टॉक एक्सचेंज को दी गई सूचना के अनुसार, ह्यूमन रिसोर्सेज, नॉमिनेशन और रिम्यूनरेशन कमेटी की सिफारिश पर बोर्ड ने उनकी नियुक्ति को 1 मई 2025 से पांच साल के कार्यकाल के लिए मंजूरी दी है। हालांकि, यह नियुक्ति अभी शेयरधारकों की स्वीकृति के अधीन है।

रिलायंस ग्रुप की कई कंपनियों में निभा रहे हैं अहम भूमिका

फिलहाल अनंत अंबानी रिलायंस के नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के तौर पर जुड़े हुए हैं। नए पद के साथ अब वह कंपनी के कार्यकारी नेतृत्व का हिस्सा बनेंगे। अनंत पहले से ही जियो प्लेटफॉर्म्स (मार्च 2020 से), रिलायंस रिटेल वेंचर्स (मई 2022 से), रिलायंस न्यू एनर्जी और रिलायंस न्यू सोलर एनर्जी (जून 2021 से) के बोर्ड में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा, सितंबर 2022 से वह रिलायंस फाउंडेशन के बोर्ड में भी शामिल हैं।

ईशा और आकाश अंबानी भी निभा रहे नेतृत्वकारी भूमिकाएं

रिलायंस बोर्ड ने अगस्त 2023 में अनंत, ईशा और आकाश अंबानी को गैर-कार्यकारी निदेशक के रूप में नियुक्त किया था, जिसकी शेयरधारकों ने अक्टूबर 2023 में पुष्टि की। आकाश अंबानी 2022 से रिलायंस जियो इन्फोकॉम के चेयरमैन के तौर पर काम कर रहे हैं, जबकि ईशा अंबानी रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड में एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर की जिम्मेदारी निभा रही हैं। तीनों में से आकाश को सबसे पहले कार्यकारी निदेशक की भूमिका मिली थी। अनंत ने अपनी पढ़ाई अमेरिका की ब्राउन यूनिवर्सिटी से पूरी की है, जो उनके वैश्विक दृष्टिकोण को मजबूती देता है।

पशु कल्याण में भी गहरी रुचि रखते हैं अनंत अंबानी

कॉर्पोरेट दुनिया से इतर, अनंत अंबानी पशु कल्याण के क्षेत्र में भी गहरी रुचि रखते हैं। वह गुजरात के जामनगर में स्थित वनतारा (Vantara) के फाउंडर हैं, जो दुनिया के सबसे बड़े पशु पुनर्वास और संरक्षण केंद्रों में से एक है। इस सेंटर में 2,000 से अधिक प्रजातियों के करीब 1.5 लाख जानवरों को सुरक्षित आश्रय मिला है। अनंत का यह प्रयास उन्हें कॉर्पोरेट नेतृत्व के साथ-साथ सामाजिक योगदान में भी एक अलग पहचान देता है।

अन्य खबरें