रविवार, जून 15, 2025
spot_img
होमटॉप न्यूजदेश के 29 राज्यों में फैला कोरोना, एक्टिव केस 58 गुना बढ़े,...

देश के 29 राज्यों में फैला कोरोना, एक्टिव केस 58 गुना बढ़े, बच्चों से बुज़ुर्ग तक चपेट में

देश में कोरोना वायरस एक बार फिर तेजी से पांव पसार रहा है। 16 मई को जहां सिर्फ 93 सक्रिय मामले दर्ज थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 5364 तक पहुंच गई है। यानी 58 गुना की छलांग। बीते 24 घंटों में 500 से ज्यादा नए संक्रमित मरीज सामने आए हैं। संक्रमण की गति और फैलाव ने स्वास्थ्य अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है।

देश के 29 राज्य और केंद्रशासित प्रदेश अब इस ताजा कोविड की चपेट में हैं। केरल में सर्वाधिक 1679 एक्टिव केस हैं। इसके बाद गुजरात (615), पश्चिम बंगाल (596), दिल्ली (592) और महाराष्ट्र (548) में हालात सबसे चिंताजनक हैं।

15 दिन में हुईं 53 मौतें

इस साल जनवरी से अब तक 55 मौतें कोविड के कारण दर्ज हुई हैं, जिनमें 53 मौतें पिछले 15 दिनों में हुईं। गुरुवार को दिल्ली में दो लोगों की मौत की पुष्टि की गई, जिनमें एक पांच महीने का शिशु भी शामिल था। केरल में 2, कर्नाटक और पंजाब में 1-1, जबकि महाराष्ट्र में अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है।

बच्चों के लिए विशेष सतर्कता

ओडिशा सरकार ने स्कूलों में कोविड गाइडलाइन लागू कर दी है। जिन बच्चों में सर्दी, खांसी या बुखार जैसे लक्षण हैं, उनके लिए मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है। गंभीर लक्षण वाले बच्चों को घर पर ही आइसोलेट होने की सलाह दी गई है।

अस्पतालों में मॉक ड्रिल से तैयारियां जांची गईं

गुरुवार को केंद्र सरकार के निर्देश पर देशभर के चुनिंदा अस्पतालों में मॉक ड्रिल की गई। इस दौरान ऑक्सीजन आपूर्ति, दवाओं की उपलब्धता और वेंटिलेटर जैसी अहम व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति परखने का प्रयास किया गया। इससे पहले 2 जून को भी एक प्रारंभिक मॉक ड्रिल आयोजित की गई थी जिसमें हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर की मजबूती का आकलन किया गया था।

राज्यवार अपडेट: कैसे हैं हालात

केरल: स्वास्थ्य विभाग ने जून 2023 की गाइडलाइन के तहत निर्देश दिए हैं कि सर्दी-जुकाम, खांसी-बुखार जैसे लक्षण वाले मरीजों का कोविड टेस्ट अनिवार्य किया जाए। सभी अस्पतालों में मास्क पहनना फिर से जरूरी किया गया है।

महाराष्ट्र: जनवरी से अब तक 13,707 सैंपल की जांच में 1064 मरीज पॉजिटिव मिले हैं। मृतकों में से 16 पहले से गंभीर बीमारियों से ग्रस्त थे।

गुजरात: 508 संक्रमितों में से केवल 18 अस्पताल में भर्ती हैं, बाकी होम आइसोलेशन में इलाज करवा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि यह सामान्य उभार है और घबराने की बात नहीं।

कर्नाटक: गुलबर्गा मेडिकल साइंसेज़ संस्थान में 25 बेड का विशेष कोविड वार्ड बनाया गया है। इसमें ICU, HDU और गर्भवती महिलाओं के लिए अलग इंतज़ाम किए गए हैं।

उत्तराखंड: सरकार ने जिला प्रशासन से ऑक्सीजन और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इन्फ्लूएंजा जैसे संक्रमणों की रिपोर्टिंग पर भी ज़ोर दिया गया है।

सिक्किम: 526 सैंपल की टेस्टिंग में 15 लोग पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद राज्य में मास्क और सैनिटाइज़र का प्रयोग फिर अनिवार्य कर दिया गया है।

हिमाचल प्रदेश: सिरमौर जिले में पहला केस मिलने के बाद सभी अस्पतालों में मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है।

भारत में कोविड के चार नए वैरिएंट मिले

आईसीएमआर के डायरेक्टर डॉ. राजीव बहल ने बताया कि देश में LF.7, XFG, JN.1 और NB.1.8.1 जैसे नए वैरिएंट सामने आए हैं। ये मुख्य रूप से दक्षिण और पश्चिम भारत में देखने को मिले हैं। इनमें से कुछ वैरिएंट, जैसे NB.1.8.1, में A435S, V445H और T478I जैसे म्यूटेशन हैं जो इसे तेजी से फैलने में सक्षम बनाते हैं। JN.1 सबसे सामान्य वैरिएंट है, जो आधे से ज्यादा पॉजिटिव सैंपल्स में मिल रहा है। इसके बाद BA.2 (26%) और ओमिक्रॉन सबलाइनेज (20%) की मौजूदगी है।

हालांकि WHO ने इन्हें ‘वेरिएंट अंडर मॉनिटरिंग’ की श्रेणी में रखा है और अब तक इनसे जुड़ी गंभीरता की पुष्टि नहीं की गई है। फिर भी सतर्कता जरूरी है।

अन्य खबरें