रविवार, जून 15, 2025
spot_img
होमटॉप न्यूजदेशभर में कोरोना के एक्टिव मरीज 5 हजार के करीब, सबसे ज्यादा...

देशभर में कोरोना के एक्टिव मरीज 5 हजार के करीब, सबसे ज्यादा केस केरल, दिल्ली और महाराष्ट्र में

देश में एक बार फिर कोरोना संक्रमण तेज़ी से फैल रहा है। बीते 20 दिनों में एक्टिव केसों की संख्या 53 गुना बढ़ गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 16 मई को देशभर में केवल 93 एक्टिव केस थे, जो अब बढ़कर 4,866 तक पहुंच गए हैं। हर दिन औसतन 500 से अधिक नए मामले सामने आ रहे हैं।

कोरोना अब देश के 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फैल चुका है। केरल सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां 1,487 सक्रिय मामले हैं। इसके बाद दिल्ली (562), पश्चिम बंगाल (538), महाराष्ट्र (526) और गुजरात (508) शामिल हैं।

15 दिन में 50 मौतें, चिंता का संकेत

जनवरी से अब तक देश में कोरोना से 52 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से 50 मौतें केवल पिछले 15 दिनों में हुई हैं। गुरुवार को दिल्ली में दो लोगों की जान गई, जिनमें एक पांच महीने का बच्चा भी शामिल है। वहीं, बेंगलुरु में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत दर्ज की गई। महाराष्ट्र में अब तक सबसे ज्यादा 17 मौतें हो चुकी हैं।

मॉक ड्रिल से जांची गई अस्पतालों की तैयारी

कोविड की संभावित चौथी लहर को देखते हुए केंद्र सरकार ने गुरुवार को देशभर के चुनिंदा अस्पतालों में मॉक ड्रिल कराई। इस दौरान ऑक्सीजन सप्लाई, वेंटिलेटर, दवाइयों और मेडिकल गैस सिस्टम जैसी व्यवस्थाओं की स्थिति परखने के निर्देश दिए गए। इससे पहले 2 जून को भी एक ट्रायल ड्रिल की गई थी, जिसमें स्वास्थ्य इंफ्रास्ट्रक्चर की व्यापक जांच की गई थी।

राज्यवार अपडेट: कैसे हैं हालात

ओडिशा: गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूल खुले तो कोविड गाइडलाइन के सख्त पालन के निर्देश दिए गए। शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड ने कहा कि हल्के लक्षण वाले छात्रों को मास्क पहनना जरूरी है, जबकि गंभीर लक्षण वाले घर पर रहें।

केरल: स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों को जून 2023 की गाइडलाइन के अनुसार काम करने के निर्देश दिए हैं। मास्क अनिवार्य कर दिया गया है, और सर्दी-खांसी जैसे लक्षणों वाले मरीजों की कोविड जांच ज़रूरी है।

महाराष्ट्र: जनवरी से अब तक 13,707 सैंपल की जांच की गई, जिनमें से 1,064 पॉजिटिव मिले हैं। मृतकों में से अधिकांश को पहले से अन्य बीमारियां थीं।

गुजरात: 508 सक्रिय मामलों में से 18 अस्पताल में भर्ती हैं, बाकी घर पर आइसोलेशन में हैं। सरकार ने कहा है कि हर छह से आठ महीने में मामूली उछाल स्वाभाविक है।

कर्नाटक: गुलबर्गा मेडिकल साइंसेज़ संस्थान में 25 बेड का कोविड वार्ड तैयार किया गया है, जिसमें ICU, HDU और गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष बेड शामिल हैं।

उत्तराखंड: सरकार ने जिला प्रशासन को अस्पतालों में दवाइयों और ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कोविड व अन्य सांस की बीमारियों की रिपोर्टिंग भी जरूरी कर दी गई है।

सिक्किम: 29 मई से अब तक 526 सैंपल की जांच में 15 संक्रमित मिले। इसके बाद सभी अस्पतालों में मास्क और सैनिटाइज़र अनिवार्य कर दिए गए हैं।

हिमाचल प्रदेश: सिरमौर जिले के नाहन में कोविड का पहला केस मिलने के बाद सभी अस्पतालों में मास्क पहनना जरूरी कर दिया गया है।

भारत में मिले कोविड के 4 नए वैरिएंट

आईसीएमआर के निदेशक डॉ. राजीव बहल के मुताबिक, देश में कोविड-19 के चार नए वैरिएंट—LF.7, XFG, JN.1 और NB.1.8.1—की पहचान हुई है। ये मुख्य रूप से दक्षिण और पश्चिम भारत में देखे गए हैं।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इन्हें फिलहाल variants under monitoring के तहत रखा है, यानी अभी घबराने की जरूरत नहीं, लेकिन सतर्क रहना जरूरी है।

NB.1.8.1 वैरिएंट में A435S, V445H और T478I जैसे म्यूटेशन पाए गए हैं, जो तेज़ी से फैलने में सक्षम हैं और कई मामलों में वैक्सीन-निर्मित इम्यूनिटी को भी चकमा दे सकते हैं।

भारत में फिलहाल JN.1 सबसे प्रमुख वैरिएंट है, जो कुल मामलों के आधे से अधिक में पाया जा रहा है। इसके बाद BA.2 (26%) और अन्य ओमिक्रॉन सबलाइनेज (20%) मिल रहे हैं।

अन्य खबरें