नेशनल ब्रेकिंग. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने कई महत्वपूर्ण नियमों में बदलाव किया है और कर्मचारियों के लिए नई सुविधाएं शुरू की हैं। इसमें सबसे महत्वपूर्ण बदलाव डिपॉजिट लिंक्ड इश्योरेंस स्कीम (EDLI) से जुड़ा हुआ है। EPFO की सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) की बैठक में यह निर्णय लिया गया, जिसमें वित्त वर्ष 2025 के लिए EPF ब्याज दरों को बरकरार रखने का भी फैसला किया गया था।
न्यूनतम जीवन बीमा लाभ में बदलाव
ईपीएफओ ने शॉर्ट सर्विस के कर्मचारियों के लिए न्यूनतम इश्योरेंस के नियमों में बदलाव किया है। अब यदि किसी सदस्य की नौकरी की अवधि पूरी होने से पहले मृत्यु हो जाती है, तो उसके परिवार को 50,000 रुपये का जीवन बीमा लाभ मिलेगा। इस बदलाव से हर साल करीब 5,000 लोगों को लाभ मिल सकता है।
EDLI स्कीम में नया फायदा: मौत के बाद भी मिलेगा लाभ
अब, अगर किसी सदस्य की मौत उसकी आखिरी जमा राशि से 6 महीने से पहले होती है, तो उसे EDLI का लाभ मिलेगा, बशर्ते उसका नाम एम्प्लॉयर की लिस्ट में हो। पहले यह सुविधा सिर्फ तब मिलती थी जब सदस्य ने ईपीएफ में लंबे समय तक योगदान किया हो। इस बदलाव से हर साल लगभग 14,000 मामलों में कर्मचारियों को मदद मिल सकती है।
नौकरी के बीच गैप की समस्या हल: निरंतरता पर नई नीति
EPFO का एक और बड़ा बदलाव सेवा निरंतरता से जुड़ा है। अब, नौकरी छोड़ने के बाद यदि सदस्य एक-दो दिन के गैप के साथ नई नौकरी पर जाता है, तो भी उसे EDLI का लाभ मिलेगा। पहले यह समस्या थी कि नौकरी के बीच छोटे गैप को सेवा निरंतरता नहीं माना जाता था, लेकिन अब दो महीने तक का अंतराल सेवा निरंतरता के रूप में स्वीकार किया जाएगा। इस बदलाव से हर साल लगभग 1,000 मामलों में लाभ होने की संभावना है।