आज यानी 13 मई को Gold Price में बड़ी बढ़त देखने को मिली। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत ₹1,268 बढ़कर ₹94,344 हो गई है। कल इसका रेट ₹93,076 था। दिल्ली में 24 कैरेट सोना ₹95,770 पर बिका, जबकि मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में ये ₹95,620 तक पहुंच गया। भोपाल में रेट ₹96,930 तक चला गया है।
चांदी ने भी पकड़ी रफ्तार, अब ₹96,820 किलो
सिर्फ सोना ही नहीं, चांदी की कीमत में भी जबरदस्त उछाल आया है। एक दिन में ₹1,094 बढ़कर अब चांदी ₹96,820 प्रति किलो के रेट पर पहुंच चुकी है। कल तक इसका दाम ₹95,726 था। 28 मार्च को चांदी ₹1,00,934 प्रति किलो का ऑल टाइम हाई बना चुकी है। यानी अभी भी उसमें उछाल की गुंजाइश है।
जनवरी से अब तक 18 हज़ार रुपए महंगा हुआ सोना
अगर जनवरी 2025 से तुलना करें तो इस साल अब तक सोना ₹18,182 तक महंगा हो चुका है। जनवरी में 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम ₹76,162 था जो अब ₹94,344 पर पहुंच गया है। वहीं चांदी भी इस साल ₹10,803 बढ़ चुकी है। पहले रेट था ₹86,017 और अब ₹96,820 हो गया है।
क्या 1.10 लाख तक जाएगा सोना? जानिए एक्सपर्ट का अनुमान
गोल्डमैन सैक्स जैसे इंटरनेशनल इन्वेस्टमेंट बैंक का मानना है कि इस साल सोना 3,700 डॉलर प्रति औंस तक जा सकता है अगर इंटरनेशनल रेट के हिसाब से देखा जाए तो भारत में 10 ग्राम सोने का दाम साल के आखिर तक ₹1.10 लाख तक जा सकता है।
सोना खरीदते वक्त HUID नंबर ज़रूर देखें
गोल्ड खरीदते समय सिर्फ BIS हॉलमार्क वाला सर्टिफाइड गोल्ड ही लेना चाहिए। हर हॉलमार्क गोल्ड पर 6 अंकों का एक यूनिक HUID कोड होता है जो अल्फान्यूमेरिक होता है, जैसे AZ4524। इससे ये पता लगाया जा सकता है कि सोना कितने कैरेट का है। नकली सोने से बचने के लिए यही सबसे भरोसेमंद तरीका है।

- 13 मई को सोना ₹1,268 बढ़कर ₹94,344 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
- चांदी भी ₹1,094 उछलकर ₹96,820 प्रति किलो पर बिकी।
- इस साल सोना अब तक ₹18,182 महंगा हो चुका है।
- गोल्डमैन सैक्स का दावा- साल के अंत तक ₹1.10 लाख तक पहुंच सकता है सोना।
- खरीदते वक्त BIS हॉलमार्क और HUID नंबर ज़रूर चेक करें।