रविवार, जून 15, 2025
spot_img
होमराज्यहरियाणा में बढ़ा कोरोना अलर्ट: गुरुग्राम-फरीदाबाद से मिले 5 नए केस, चंडीगढ़...

हरियाणा में बढ़ा कोरोना अलर्ट: गुरुग्राम-फरीदाबाद से मिले 5 नए केस, चंडीगढ़ में एक की मौत

हरियाणा में बुधवार को कोरोना के 5 नए पॉजिटिव केस मिले, जिससे कुल संक्रमितों की संख्या 21 हो गई है। इनमें से 18 एक्टिव केस हैं और 3 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।

राज्य में अब तक सबसे ज़्यादा मामले गुरुग्राम (10) और फरीदाबाद (9) से सामने आए हैं। बुधवार को आए 5 नए मामलों में 3 फरीदाबाद और 2 गुरुग्राम से हैं। फरीदाबाद के तीनों मरीजों में दो की ट्रैवल हिस्ट्री पाई गई—एक वियतनाम से और दूसरा आंध्र प्रदेश से लौटा था। गुरुग्राम के दो मरीजों की उम्र क्रमशः 74 और 37 साल है, जिनकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं मिली।

चंडीगढ़ में 40 वर्षीय मरीज की मौत

बुधवार को चंडीगढ़ के सेक्टर 32 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में भर्ती एक 40 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना से मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद निवासी राजकुमार के रूप में हुई है। उसे तीन दिन से सांस लेने में तकलीफ थी।

हरियाणा में कहां क्या स्थिति

  • – गुरुग्राम में शुक्रवार को एक 45 वर्षीय व्यक्ति, सेक्टर 52 वजीराबाद निवासी, कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसके अलावा, हाल ही में मुंबई से लौटी 31 वर्षीय महिला, सेक्टर 70 के 62 वर्षीय बुजुर्ग समेत कुल 10 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
  • – यमुनानगर की 50 वर्षीय महिला, जो मोहाली में एक धार्मिक कार्यक्रम में गई थी, वहां से लौटने के बाद तबीयत बिगड़ने पर पॉजिटिव पाई गई। महिला को अस्थमा भी है, जिससे उसकी हालत गंभीर है।
  • – फरीदाबाद में संक्रमितों की संख्या 9 हो गई है। हालिया मामलों में एक 28 वर्षीय मॉल में कार्यरत सिक्योरिटी गार्ड और दो महिलाएं शामिल हैं। सभी मरीजों में सामान्य फ्लू जैसे लक्षण पाए गए।
  • – करनाल में एक मरीज के पॉजिटिव मिलने के बाद कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में 35 बैड का अलग वार्ड तैयार किया गया है। 22 ऑक्सीजन बैड, एन-95 मास्क और दवाइयों का स्टॉक सुनिश्चित किया गया है।
अन्य खबरें