अमेरिका ने एक बार फिर भारत को भरोसा दिलाया है कि आतंकवाद के खिलाफ जंग में वह पूरी मजबूती से साथ खड़ा है। विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने शुक्रवार को साफ कहा कि भारत की सुरक्षा को लेकर अमेरिका गंभीर है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पूरी तरह से समर्थन देने की बात कही है।
हालाकि पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अमेरिका से आग्रह किया है कि वह भारत पर जिम्मेदारी से पेश आने का दबाव बनाए। उन्होंने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से कहा कि भारत का उकसाने वाला रवैया क्षेत्रीय शांति के लिए खतरा बन सकता है।
पाकिस्तान की हरकतें जारी, आठवें दिन भी LOC पर फायरिंग
इस बीच पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा (LoC) पर लगातार आठवें दिन सीजफायर का उल्लंघन किया। बारामूला, कुपवाड़ा, पुंछ, रौशेरा और अखनूर में पाक सेना ने छोटे हथियारों से फायरिंग की। भारतीय सेना ने भी इसका करारा जवाब दिया।
गंगा एक्सप्रेसवे पर आज रात एयरफोर्स की नाइट लैंडिंग का ट्रायल
भारतीय वायुसेना शुक्रवार (2 मई) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर स्थित गंगा एक्सप्रेसवे की 3.5 किलोमीटर लंबी हवाई पट्टी पर नाइट लैंडिंग अभ्यास करेगी। यह एक्सप्रेसवे भारत का पहला ऐसा एक्सप्रेसवे बन गया है जहां दिन और रात दोनों समय फाइटर जेट्स की लैंडिंग संभव है। अधिकारियों के मुताबिक नाइट ऑपरेशन के दौरान 250 सीसीटीवी कैमरों के जरिए हाई लेवल सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। एयर शो दो चरणों में होगा — दिन और रात। इसमें लो फ्लाई-पास्ट, टेक-ऑफ और लैंडिंग की प्रैक्टिस शामिल होगी। इस शो में राफेल, सु-30 एमकेआई, मिराज-2000, मिग-29, जगुआर, सी-130जे सुपर हरक्यूलिस, एएन-32 और एमआई-17 वी5 हेलिकॉप्टर शामिल होंगे।
अटारी बॉर्डर पर फंसे पाक नागरिक, भारत छोड़ने की मियाद खत्म
भारत में 14 तरह के वीजा पर आए पाकिस्तानी नागरिकों के लिए देश छोड़ने की आखिरी तारीख 29 अप्रैल तय थी। अब तक करीब 70 पाकिस्तानी नागरिक अटारी बॉर्डर पर फंसे हुए हैं। फिलहाल दोनों देशों की सीमाएं बंद हैं, जिससे वे लौट नहीं पा रहे।

- अमेरिका ने भारत को आतंकवाद के खिलाफ मजबूती से समर्थन देने की बात कही है, विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता टैमी ब्रूस और राष्ट्रपति ट्रंप का बयान प्रमुख।
- पाकिस्तान ने लगातार आठवें दिन नियंत्रण रेखा (LoC) पर सीजफायर का उल्लंघन किया, बारामूला से पुंछ तक फायरिंग की गई।
- भारतीय वायुसेना ने यूपी के शाहजहांपुर में बने गंगा एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी पर नाइट लैंडिंग अभ्यास शुरू किया है।
- इस एयर शो में राफेल, मिराज-2000, जगुआर सहित कई लड़ाकू और ट्रांसपोर्ट विमान शामिल हैं, सुरक्षा के लिए 250 CCTV कैमरे लगाए गए हैं।
- 29 अप्रैल की आखिरी तारीख गुजरने के बाद 70 पाकिस्तानी नागरिक अटारी बॉर्डर पर फंसे हुए हैं, वहीं पहलगाम आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत हुई है।