पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि अमेरिका को उम्मीद है कि भारत पाकिस्तान को जवाब देते हुए किसी बड़े क्षेत्रीय संघर्ष से बचेगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर पाकिस्तान इस हमले के पीछे किसी भी रूप में जिम्मेदार है, तो उसे भारत के साथ मिलकर आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
फॉक्स न्यूज़ पॉडकास्ट में वेंस का बयान
एक पॉडकास्ट इंटरव्यू के दौरान वेंस ने स्पष्ट किया कि भारत को न केवल अपने हितों की रक्षा करनी चाहिए, बल्कि क्षेत्रीय शांति बनाए रखने की दिशा में भी काम करना चाहिए। उनका कहना था, “अगर पाकिस्तान आतंकियों की गतिविधियों में किसी तरह से शामिल है या उसकी जमीन से आतंकी ऑपरेट कर रहे हैं, तो उसे भारत के साथ मिलकर कार्रवाई करनी चाहिए।”
हमले के दौरान भारत में मौजूद थे वेंस
गौर करने वाली बात है कि जब यह हमला हुआ, उस वक्त जेडी वेंस अपने परिवार के साथ भारत दौरे पर थे। इससे पहले भी वे इस हमले को लेकर अपनी संवेदनाएं प्रकट कर चुके हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन कर घटना की कड़ी निंदा की थी और मृतकों के प्रति गहरी संवेदना जताई थी।
अमेरिका भारत के साथ: विदेश मंत्रालय
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि उपराष्ट्रपति वेंस ने अमेरिका की ओर से भारत को हरसंभव सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई है। उन्होंने कहा कि अमेरिका आतंकवाद के खिलाफ इस साझा लड़ाई में भारत के साथ पूरी तरह खड़ा है।
अमेरिका ने दिया साथ का भरोसा
इससे पूर्व अमेरिका ने एक बार फिर भारत को भरोसा दिलाया है कि आतंकवाद के खिलाफ जंग में वह पूरी मजबूती से साथ खड़ा है। विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने शुक्रवार को साफ कहा कि भारत की सुरक्षा को लेकर अमेरिका गंभीर है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पूरी तरह से समर्थन देने की बात कही है।

