इजराइली वायुसेना ने सोमवार रात यमन के हूती विद्रोहियों के कब्जे वाले हुदैदाह बंदरगाह शहर पर बड़ा हवाई हमला किया। इस ऑपरेशन में 20 फाइटर जेट्स ने करीब 2000 किलोमीटर की दूरी तय कर 50 से अधिक ठिकानों पर बमबारी की।
हमले का प्रमुख निशाना हुदैदाह पोर्ट और बाजिल कंक्रीट फैक्ट्री रहा। इजराइली डिफेंस फोर्स (IDF) के मुताबिक, यह बमबारी हूती विद्रोहियों के सैन्य ढांचे और आर्थिक स्त्रोतों को कमजोर करने के मकसद से की गई। IDF ने कहा कि फैक्ट्री का इस्तेमाल सुरंग निर्माण और हथियारों के लिए किया जा रहा था।
तेल अवीव एयरपोर्ट हमले का जवाब
यह कार्रवाई हूती विद्रोहियों द्वारा तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट पर मिसाइल हमले के जवाब में की गई है, जिसमें कई लोग घायल हुए थे। हमले के बाद इजराइल ने सख्त जवाब देने की चेतावनी दी थी, जो सोमवार रात देखने को मिला।
IDF का कहना है कि हुदैदाह बंदरगाह से ईरान से आए हथियारों और आतंकी गतिविधियों के उपकरणों की आपूर्ति होती थी, जिसे अब तहस-नहस कर दिया गया है।
हूती विद्रोहियों ने दी चेतावनी
इजराइली हमले में कम से कम 21 लोगों के घायल होने की जानकारी हूती विद्रोहियों ने दी है। उनके मीडिया प्रमुख नसरुद्दीन आमेर ने कहा कि यह हमला इजराइल और अमेरिका की साझा साजिश है, और हूती जल्द इसका बदला लेंगे। हालांकि अमेरिकी रक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि वाशिंगटन ने इन हमलों में कोई भूमिका नहीं निभाई।
इजराइल का 2025 में यमन पर पहला हमला
गाजा युद्ध की शुरुआत के बाद यमन में यह इजराइल का छठा हमला और 2025 का पहला बड़ा ऑपरेशन है। मार्च के बाद IDF ने यमन में गतिविधियां रोक दी थीं, लेकिन हालिया हूती हमले के बाद जवाबी कार्रवाई की गई।
सिर्फ यमन ही नहीं, इजराइली फौज ने सीरिया, दक्षिण लेबनान और बेका घाटी में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर भी एयरस्ट्राइक की। इन क्षेत्रों में अब तक किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है।
वॉर कैबिनेट ने ‘फुल कब्जे’ के प्लान को दी मंजूरी
इजराइली वॉर कैबिनेट ने गाजा पट्टी पर पूरे नियंत्रण और कब्जे के अभियान को हरी झंडी दे दी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस प्लान को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की प्रस्तावित यात्रा के बाद लागू किया जा सकता है।
IDF चीफ इयाल जमीन ने चेतावनी दी है कि इस तरह का सैन्य अभियान गाजा में बंधकों की जान को खतरे में डाल सकता है, लेकिन इससे हमास के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करना संभव होगा।

