मौसम विभाग ने देश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी के प्रचंड तेवरों को देखते हुए हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर पश्चिम बंगाल, ओडिशा और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी दी गई है। फिलहाल केवल लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, गोवा और महाराष्ट्र के कुछ क्षेत्रों में गर्मी से मामूली राहत की उम्मीद है।
महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी में देश का सबसे अधिक तापमान
महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी में गुरुवार को 45.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक था। झारखंड में भीषण गर्मी के चलते सरकार ने स्कूलों का समय बदल दिया है। अब केजी से आठवीं तक की कक्षाएं सुबह 7 से 11:30 बजे तक और सीनियर छात्रों की क्लास दोपहर 12 बजे तक चलेंगी।
सिक्किम में लैंडस्लाइड, 1000 से ज्यादा टूरिस्ट फंसे
सिक्किम के उत्तरी इलाकों में भारी बारिश के चलते कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है। इसके कारण लाचेन-चुंगथांग और लाचुंग-चुंगथांग के रास्ते बंद हो गए हैं और 1000 से ज्यादा पर्यटक फंस गए हैं। यहां लगातार बारिश के चलते हालात बिगड़ते जा रहे हैं।
उत्तर-पूर्व भारत में भारी बारिश की चेतावनी
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा, नागालैंड और सिक्किम समेत पूरा नॉर्थ-ईस्ट इलाका अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चपेट में रहेगा। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश की संभावना है।
राजस्थान में लू का कहर, कई जिलों में तापमान 44°C पार
राजस्थान में पश्चिमी हवा का असर तेज हो गया है। बाड़मेर, जैसलमेर, श्रीगंगानगर, कोटा, टोंक और पिलानी जैसे शहरों में तापमान 43 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया। गुरुवार को बाड़मेर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 44.8 डिग्री तक पहुंचा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिन में तापमान में 2 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
पंजाब-हरियाणा में बढ़ रही गर्मी, लू से राहत नहीं
पंजाब में तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया है। सबसे अधिक तापमान पटियाला में 41.3°C रहा। हरियाणा में 9 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि सिरसा सबसे गर्म रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 29 अप्रैल तक शुष्क और गर्म मौसम बना रहेगा। 30 अप्रैल के बाद पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव हो सकता है।
मध्यप्रदेश में बारिश की संभावना, लेकिन हीटवेव से राहत नहीं
मध्यप्रदेश में 26 अप्रैल से बारिश की शुरुआत हो सकती है जो तीन दिन तक चलेगी। हालांकि प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में गर्मी और लू का प्रकोप बना रहेगा। खजुराहो और नौगांव सबसे गर्म स्थान रहे, जहां पारा क्रमश: 44.4°C और 43.7°C तक पहुंचा। शुक्रवार को 13 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, छतरपुर जैसे जिले शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश में 45 जिलों में हीटवेव का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में धूप और गर्म हवा का असर लगातार बढ़ रहा है। बांदा सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया। राज्य के कई जिलों में स्कूलों का समय बदला गया है। अब कक्षा आठ तक के स्कूल सुबह 7:30 से दोपहर 12:30 तक चलेंगे। 27 अप्रैल के बाद मौसम में बदलाव आने की संभावना है, जिसमें तेज हवाएं और बारिश शामिल हैं।

- मौसम विभाग (IMD) ने देश के 25 राज्यों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि पश्चिम बंगाल, ओडिशा और तेलंगाना में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
- महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी में तापमान 45.9°C दर्ज किया गया, जो गुरुवार को देश का सबसे गर्म स्थान रहा।
- झारखंड और यूपी सहित कई राज्यों में भीषण गर्मी के चलते स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है।
- सिक्किम में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण 1000 से अधिक टूरिस्ट फंसे हैं, वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में 27 अप्रैल तक बारिश का अनुमान है।
- राजस्थान, मध्यप्रदेश, पंजाब और हरियाणा में लू का असर 29 अप्रैल तक रहेगा, जबकि 30 अप्रैल के बाद मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है।