बीते चार दिनों से अरब सागर में अटका मानसून आखिरकार शुक्रवार शाम को सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, यह शनिवार सुबह तक केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के अनेक क्षेत्रों में एक साथ दस्तक दे सकता है। अगले सात दिन में यह पूरे दक्षिणी प्रायद्वीप और पूर्वोत्तर भारत तक पहुंच जाएगा। 4 जून तक इसके मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों तक पहुंचने की उम्मीद है।
गुजरात, कोंकण, गोवा, कर्नाटक और केरल के पश्चिमी तटीय इलाकों में अगले 24 घंटों में 200 मिमी तक बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक इन राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। साथ ही तेज़ हवाएं और समुद्री तूफानों की आशंका को देखते हुए इन तटीय राज्यों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
राजस्थान-पंजाब में कई जिले रेड अलर्ट पर
राजस्थान के जैसलमेर में शुक्रवार को तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का सर्वाधिक है। पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्से लू की चपेट में हैं। आज 2 ज़िलों में रेड, 7 में ऑरेंज और 2 में यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पंजाब और हरियाणा के कुछ क्षेत्रों में भी तेज़ गर्मी और नौतपा की शुरुआत के साथ तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है।
उत्तर प्रदेश में 60 मौतें, 29 राज्यों में बारिश-तूफान का खतरा
देश के 29 राज्यों में आज तेज़ आंधी, बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश में बीते तीन दिनों में आंधी-बारिश की घटनाओं में मरने वालों की संख्या 60 हो चुकी है। लखनऊ से दिल्ली के बीच चार उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं। वाराणसी में 50 किमी/घंटे की रफ्तार से चली हवा और बिजली गिरने की घटना में एक युवक की जान चली गई।
मछुआरों के लिए चेतावनी, केरल-कर्नाटक में मछली पकड़ने पर पाबंदी
मौसम विभाग ने केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप तट पर 23 से 27 मई तक मछली पकड़ने पर रोक लगा दी है। तटीय और आंतरिक इलाकों में तेज़ आंधी और समुद्री हलचल की चेतावनी दी गई है। मछुआरों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मध्यप्रदेश और बिहार में नौतपा भीगा रहेगा
मध्यप्रदेश के भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन समेत 47 जिलों में तेज़ आंधी और बारिश का अलर्ट है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ की वजह से आने वाले सप्ताह भर यही स्थिति बनी रहेगी। बिहार के सभी 38 जिलों में बारिश की संभावना है। 12 ज़िलों में ऑरेंज और 26 में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
पंजाब-हरियाणा में तापमान में उतार-चढ़ाव, बारिश भी देगी राहत
पंजाब में नौतपा की शुरुआत से पहले ही गर्मी असर दिखाने लगी है। बठिंडा में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। हरियाणा के 7 ज़िलों में लू का यलो अलर्ट और 5 ज़िलों में बारिश की संभावना है। आने वाले चार दिन तक हरियाणा के अलग-अलग ज़िलों में 25 से 50 फीसदी बारिश का पूर्वानुमान है।