रविवार, जून 15, 2025
spot_img
होमटॉप न्यूजकेरल में भारी बारिश से नुकसान, चार लोगों की मौत, मौसम विभाग...

केरल में भारी बारिश से नुकसान, चार लोगों की मौत, मौसम विभाग ने 14 राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया

देश में समय से पहले मानसून की एंट्री हो चुकी है। सोमवार को केरल में भारी बारिश और भूस्खलन की घटनाओं से भारी नुकसान हुआ। प्रदेश में अब तक 4 लोगों की जान जा चुकी है। आंकड़ों के मुताबिक, बारिश और लैंडस्लाइड की वजह से 29 घर पूरी तरह ढह गए हैं जबकि 868 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। प्रभावित इलाकों में राहत शिविर स्थापित किए गए हैं। पथानामथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझिकोड़, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड में रेड अलर्ट जारी है।

मुंबई में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, ट्रैफिक और ट्रेनों पर असर

महाराष्ट्र के मुंबई और ठाणे में सोमवार को भारी बारिश से हालात बिगड़ गए। वर्ली मेट्रो स्टेशन पर पानी भर गया, वहीं अंधेरी, भांडुप और पवई जैसे इलाकों में जलभराव के कारण ट्रैफिक लंबा जाम हो गया। लोकल ट्रेन सेवाएं और फ्लाइट्स पर भी असर पड़ा। मौसम विभाग ने आज भी इन इलाकों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल में तूफान और ओलावृष्टि का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान के साथ बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। 27 और 28 मई को शिमला, कुल्लू और मंडी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 30-31 मई को वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय होने से प्रदेश में फिर भारी बारिश का अनुमान है। एक जून तक मौसम खराब रहने की संभावना है।

हरियाणा में चार दिन की बारिश की संभावना

हरियाणा में 27 से 30 मई तक बारिश की संभावना जताई गई है। 27-28 मई को राज्य के 14-14 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, वहीं 29-30 मई को पूरे प्रदेश में वर्षा के आसार हैं। मौसम में बदलाव के चलते तापमान में औसतन 6.9 डिग्री की गिरावट आई है। भिवानी इस दौरान सबसे गर्म जिला रहा जहां 36.3 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।

बिहार में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी

बिहार के 32 जिलों में मंगलवार को तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। गया, नवादा समेत सात जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और पटना, नालंदा, जहानाबाद सहित 25 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में हवा की रफ्तार 40 से 60 किमी प्रति घंटा तक रहने की संभावना है।

पंजाब में बढ़ा तापमान, लेकिन सामान्य से अब भी कम

नौतपा के दौरान पंजाब में तापमान में 2.7 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन इसके बावजूद यह सामान्य से 2.3 डिग्री कम है। लुधियाना के समराला में सोमवार को सबसे ज्यादा 40.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राज्य में लू की कोई चेतावनी फिलहाल नहीं दी गई है।

अन्य खबरें