रविवार, जून 15, 2025
spot_img
होमराजस्थानजयपुर-दिल्ली हाईवे पर ट्रेलर से टकराई कार, खाटूश्याम दर्शन कर लौट रहे...

जयपुर-दिल्ली हाईवे पर ट्रेलर से टकराई कार, खाटूश्याम दर्शन कर लौट रहे तीन श्रद्धालुओं की मौत

नेशनल हाईवे-48 पर शुक्रवार तड़के एक कार हाईवे किनारे खड़े ट्रेलर में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसा कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराना थाना क्षेत्र में सुबह करीब 3 बजे हुआ। मृतकों की पहचान सतीश गौड़ (42) निवासी खांडसा (गुरुग्राम), अंकुश सिंह (38) निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) और गुरमीत सिंह (52) निवासी अंबाला (हरियाणा) के रूप में हुई है। तीनों रिश्तेदार बताए जा रहे हैं और एक ही कंपनी में काम करते थे। कार में सवार सभी लोग खाटूश्याम के दर्शन कर वापस लौट रहे थे।

ट्रेलर में फंसी कार, शव निकालने में लगी क्रेन

हेड कॉन्स्टेबल सुरेश कुमार के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रेलर के पिछले हिस्से में पूरी तरह फंस गई। शवों को बाहर निकालने के लिए क्रेन मंगवानी पड़ी। सड़क पर बिखरे मलबे और वाहन के पुर्जों को देखकर हादसे की भयावहता का अंदाज़ा लगाया जा सकता था।

एक घायल की हालत गंभीर

हादसे में वीरेंद्र शर्मा (62), निवासी खांडसा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत गुरुग्राम के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को नीमराना सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

आधे घंटे तक थमा रहा ट्रैफिक

हादसे के चलते हाईवे पर करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने दोनों वाहनों को साइड करवा कर यातायात सुचारू कराया। सुबह के समय जब ट्रैफिक धीरे-धीरे बढ़ने लगा तो घटनास्थल पर मौजूद हर शख्स के चेहरे पर दर्द और हैरानी साफ नजर आई।

अन्य खबरें