रविवार, जून 15, 2025
spot_img
होमटॉप न्यूजभारत की दलील के बाद नीरव माेदी को झटका, लंदन हाईकोर्ट ने...

भारत की दलील के बाद नीरव माेदी को झटका, लंदन हाईकोर्ट ने दसवीं बार जमानत खारिज की

पंजाब नेशनल बैंक 6498.20 करोड़ रुपये के गबन का मुख्य आरोपी नीरव दीपक मोदी अब भी ब्रिटेन की जेल में ही रहेगा। लंदन की हाईकोर्ट ऑफ जस्टिस की किंग्स बेंच डिवीजन ने उसकी दसवीं बार दायर की गई जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। भारत सरकार की ओर से यह आशंका जताई गई थी कि यदि उसे बेल दी गई, तो वह एक बार फिर से फरार हो सकता है। कोर्ट ने इस तर्क को गंभीरता से लेते हुए बेल याचिका को नामंजूर कर दिया।

संयुक्त रणनीति ने मजबूत किया भारत का पक्ष

इस अहम सुनवाई के दौरान क्राउन प्रॉसिक्यूशन सर्विस (CPS) की ओर से बेल का जोरदार विरोध किया गया, जिसे भारत की जांच एजेंसी CBI का मजबूत समर्थन मिला। भारत की ओर से लंदन पहुंचे जांच और विधि अधिकारियों की टीम ने अदालत में ठोस तर्क और प्रमाण पेश किए।
CBI ने अदालत को बताया कि नीरव मोदी को जमानत देना न केवल न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करेगा, बल्कि इससे भविष्य में उसके फिर से भागने की संभावना को भी बल मिल सकता है। अदालत ने इन दलीलों को पर्याप्त ठहराया और बेल को खारिज कर दिया।

2019 से ब्रिटेन की जेल में बंद है नीरव मोदी

नीरव मोदी 19 मार्च 2019 से लंदन की जेल में बंद है। उसे भारत में CBI द्वारा वांछित भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया गया है। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) घोटाले में उसकी भूमिका को लेकर भारत ने उसे प्रत्यर्पित करने की प्रक्रिया शुरू की थी, जिस पर ब्रिटेन की अदालत ने पहले ही सहमति जता दी थी। अब यह मामला अंतिम औपचारिकताओं की ओर बढ़ रहा है।

मेहुल चोकसी भी बेल्जियम में गिरफ्तार, प्रत्यर्पण की तैयारी तेज

इसी घोटाले में एक और बड़ा नाम मेहुल चोकसी भी चर्चा में है। वह हाल ही में बेल्जियम के अस्पताल से गिरफ्तार किया गया है।
भारतीय एजेंसियों CBI और ED ने चोकसी के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी है और जल्द ही उसे भारत लाए जाने की संभावना है। चोकसी पर भी बैंक घोटाले में अहम भूमिका निभाने का आरोप है, और उसकी गिरफ्तारी को भारत के लिए एक और बड़ी कूटनीतिक और कानूनी सफलता माना जा रहा है।

अन्य खबरें