पंचकूला के पिंजौर में गुरुवार रात अमरावती मॉल के बाहर हुए सनसनीखेज गोलीकांड में चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि सोनू नोलटा की हत्या किसी अज्ञात हमलावर ने नहीं, बल्कि उसके ही पुराने दोस्त पीयूष पिपलानी ने अपने साथी अंकुश के साथ मिलकर की। इस वारदात में सोनू का रिश्ते में एक भाई प्रिंस घायल हो गया था।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता के अनुसार, घटनास्थल से गोलियों के कुल 12 खोल बरामद हुए हैं। सोनू को चार गोलियां लगी थीं, जिनमें से एक सीधे उसकी छाती में लगी और वही जानलेवा साबित हुई। घायल सोनू को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके साथ मौजूद प्रिंस की जांघ में गोली लगी है और उसका इलाज चंडीगढ़ पीजीआई में जारी है।
घायल ने बताई हमलावर की पहचान
घायल प्रिंस ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह पंचकूला के गांव मल्लाह का रहने वाला है और इन दिनों सरकारी पॉलिटेक्निकल कॉलेज में पढ़ाई कर रहा है। सोनू नोल्टा उसका बुआ का बेटा था और दोनों साथ में 5 जून की शाम अमरावती मॉल पहुंचे थे। साथ में सोनू की एक दोस्त भी थी, जो बाद में अपनी दो सहेलियों के साथ मॉल में मिली।
फिल्म देखकर पांचों मॉल से करीब रात 10.45 बजे निकले। सड़क किनारे खड़ी सोनू की स्कॉर्पियो में सभी बैठे। सोनू ड्राइवर सीट पर था, जबकि प्रिंस उसकी ठीक पीछे वाली सीट पर।
कार से उतरे और शुरू कर दी फायरिंग
प्रिंस के मुताबिक, जैसे ही तीनों लड़कियां सड़क पार कर रही थीं, तभी पास खड़ी एक अन्य कार से पिंजौर निवासी पीयूष पिपलानी और चावला कॉलोनी निवासी अंकुश उतरे। दोनों के हाथों में पिस्टल थी। बिना किसी हिचकिचाहट के वे सीधे स्कॉर्पियो की ड्राइवर साइड वाली खिड़की के पास पहुंचे और सोनू पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
गोलियां लगते ही सोनू सीट पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा। यह सब कुछ कुछ ही सेकेंड्स में हुआ, किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
फोन कर बताया– गोली मार दी है
घटना के तुरंत बाद घायल प्रिंस ने अपने मामा अंकू को फोन कर बताया कि उसे और सोनू को गोली मार दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया। सोनू को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि प्रिंस को प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ PGI रेफर किया गया।
PGI में भर्ती प्रिंस ने जब होश में आने के बाद बयान दर्ज कराया, तब जाकर पूरा घटनाक्रम सामने आया। उसने साफ तौर पर बताया कि हमलावर पीयूष पिपलानी और उसका साथी अंकुश थे।
दो दिन पहले साथ में खाना खाया था
मृतक सोनू और आरोपी पीयूष की दोस्ती की गहराई का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घटना से महज दो दिन पहले दोनों ने एक साथ खाना खाया था। यही बात परिवार और ग्रामीणों को भी चौंका रही है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि पीयूष ने दोस्त की जान ले ली।
वीडियो में कबूली हत्या की बात
घटना के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें पीयूष पिपलानी खुद को कातिल बताते हुए कहता है कि उसने सोनू को निजी रंजिश में मारा। उसने वीडियो में खुद को लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई का आदमी बताते हुए वारदात की जिम्मेदारी ली। वीडियो में उसके साथी अंकुश को दो पिस्टलों के साथ देखा गया।
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड, जांच में जुटी पुलिस
डीसीपी के अनुसार, मृतक सोनू नोलटा और आरोपी पीयूष दोनों के खिलाफ पूर्व में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। जहां सोनू की छवि इलाके में दबंग की थी, वहीं पीयूष पर पहले भी हत्या के प्रयास जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। अब पुलिस वायरल वीडियो की असलियत की भी पुष्टि कर रही है ताकि यह तय किया जा सके कि वीडियो सच्ची घटना से जुड़ा है या महज पब्लिसिटी स्टंट।
पड़ोसी राज्यों में चल रही तलाश
फरार हमलावरों को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन टीमें बनाई गई हैं जो हिमाचल समेत अन्य राज्यों में लगातार दबिश दे रही हैं। डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सच्चाई सामने लाई जाएगी।