लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि आज के आक्रामक राजनीतिक दौर में विपक्ष को कुचलने और मीडिया की स्वतंत्रता को कमजोर करने की कोशिशें की जा रही हैं। वे शनिवार को हैदराबाद में आयोजित भारत समिट 2025 को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के दौरान तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी मंच पर मौजूद थे। भारत समिट 2025 का यह दूसरा दिन था, जहां विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर चर्चाएं हुईं।
राहुल गांधी ने कहा कि पूरी दुनिया में लोकतांत्रिक राजनीति की प्रकृति मौलिक रूप से बदल गई है। एक दशक पहले जो राजनीतिक नियम लागू होते थे, वे अब प्रासंगिक नहीं रहे। उन्होंने विपक्षी सोच पर भी सवाल उठाया और कहा कि हमारा विपक्ष सुनने की बजाय केवल जवाब देने में व्यस्त है। जबकि सच्चाई यह है कि देश की जनता जानती है कि सही दिशा क्या होनी चाहिए।
कन्याकुमारी से कश्मीर तक की यात्रा का जिक्र
भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने महसूस किया कि उसके पारंपरिक रास्ते अब बंद हो चुके हैं। मीडिया और समकालीन माहौल ने उन्हें उस तरह से काम करने की अनुमति नहीं दी जैसी वे चाहते थे। ऐसे में पार्टी ने इतिहास से प्रेरणा लेकर कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल यात्रा का फैसला लिया।
उन्होंनेकहा कि शुरुआत में यह समझना कठिन था कि इस यात्रा का असली अर्थ क्या होगा, लेकिन एक बार यात्रा शुरू हो गई तो पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने कहा कि चार हजार किलोमीटर की यात्रा आसान नहीं थी, लेकिन पूरे अभियान के दौरान टीम डटी रही।
उन्होंने जोर दिया कि आज राजनीति को सही दिशा में ले जाने के लिए जनता की आवाज सुनना जरूरी है। उन्होंने स्वीकार किया कि नेताओं ने जनता की बात सुनने में विफलता दिखाई है, और अब इस कमी को गंभीरता से सुधारने की आवश्यकता है।