Monday, April 28, 2025
spot_img
Homeटॉप न्यूजअयोध्या में सूर्य की किरणों से हुआ रामलला का तिलक, पीएम मोदी...

अयोध्या में सूर्य की किरणों से हुआ रामलला का तिलक, पीएम मोदी ने विमान से देखा रामसेतु

रामनवमी के शुभ अवसर पर अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में सोमवार को आस्था का अद्वितीय संगम देखने को मिला। दोपहर ठीक 12 बजे भगवान श्रीराम के विग्रह पर सूर्य की किरणें पड़ीं और पूरा गर्भगृह अद्भुत प्रकाश से जगमगा उठा। इस विशेष क्षण में गर्भगृह की लाइटें कुछ समय के लिए बंद कर दी गईं, जिससे प्राकृतिक रोशनी का दिव्य दृश्य उभर कर सामने आया। श्रद्धालुओं ने ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से मंदिर परिसर को गुंजायमान कर दिया।

4 मिनट तक चला सूर्य तिलक, आरती में उमड़े श्रद्धालु

करीब चार मिनट तक चला यह दिव्य दृश्य श्रद्धालुओं के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव रहा। सूर्य तिलक के तुरंत बाद मंदिर में भव्य आरती हुई। सुबह से ही मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक आयोजन हो रहे थे। श्रीरामलला का पंचामृत अभिषेक किया गया और उन्हें सुंदर नई पोशाक धारण कराई गई। मंदिर प्रशासन के अनुसार, रामनवमी के अवसर पर 5 लाख से अधिक श्रद्धालु अयोध्या पहुंच चुके थे।

रामसेतु के दर्शन पर भावुक हुए पीएम मोदी, पोस्ट किया वीडियो

इस विशेष दिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक भावुक क्षण साझा किया। श्रीलंका से लौटते समय उन्होंने विमान से रामसेतु के दर्शन किए और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने लिखा— “यह दर्शन उसी समय हुआ, जब अयोध्या में रामलला का सूर्य तिलक हो रहा था। यह एक दिव्य अनुभव था। प्रभु श्रीराम हम सभी को जोड़ने वाली शक्ति हैं।”

देशभर के मंदिरों में रामनवमी पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

अयोध्या के अलावा देश के विभिन्न हिस्सों में भी रामनवमी बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है। कई मंदिरों में सुबह से धार्मिक अनुष्ठान और विशेष कार्यक्रम चल रहे हैं। विभिन्न शहरों में भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। रामनवमी पर रामभक्ति की ये लहर पूरे देश में दिखाई दी। श्रीनगर में इस मौके भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में सुवेंदु अधिकारी ने राम मंदिर की आधारशिला रखी।

अन्य खबरें