जून महीने की शुरुआत देशभर के आम लोगों और कारोबारी वर्ग के लिए कई बदलावों के साथ हुई है। वित्तीय नियमों में हुए ये संशोधन न सिर्फ रोजमर्रा की जरूरतों को प्रभावित करेंगे बल्कि आपकी जेब और निवेश पर भी असर डालेंगे। LPG सिलेंडर की कीमतों में कटौती से लेकर हवाई ईंधन सस्ता होने तक, म्यूचुअल फंड निवेश के नए नियम से लेकर PF क्लेम के आसान होने तक—ये सारे अपडेट 1 जून 2025 से लागू हो चुके हैं।
आइए जानते हैं जून में देशभर में लागू हुए 5 बड़े बदलाव जो हर नागरिक के लिए जानना जरूरी हैं।
कमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ सस्ता
जून की पहली तारीख के साथ ही तेल कंपनियों ने कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में राहत दी है। अब 19 किलो वाला सिलेंडर दिल्ली में ₹24 सस्ता होकर ₹1,723.50 में मिलेगा। पहले यह ₹1,747.50 में बेचा जा रहा था।
अन्य महानगरों में भी इसी तरह राहत मिली है—कोलकाता में इसकी नई कीमत ₹1,826, मुंबई में ₹1,674.50 और चेन्नई में ₹1,881 हो गई है। होटल, रेस्टोरेंट और फूड इंडस्ट्री के लिए ये राहत भरी खबर मानी जा रही है। हालांकि घरेलू उपयोग वाले 14.2 किलो एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
हवाई सफर की लागत में संभावित कमी
हवाई यात्रियों के लिए भी राहत की खबर है। एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में फिर कटौती की गई है, जिससे एविएशन सेक्टर को राहत मिलने की उम्मीद है। दिल्ली में ATF अब ₹83,072.55 प्रति किलोलीटर हो गया है, जो पहले ₹85,486.80 था।
कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में भी क्रमशः ₹86,052.57, ₹77,602.73 और ₹86,103.25 प्रति किलोलीटर के नए रेट लागू हुए हैं। ईंधन की लागत घटने से एयरलाइंस टिकट दरों में कुछ कमी कर सकती हैं।
म्यूचुअल फंड के लिए नया कट-ऑफ टाइम
SEBI ने ओवरनाइट म्यूचुअल फंड स्कीम्स के लिए नया कट-ऑफ टाइम लागू कर दिया है, जो 1 जून से प्रभावी है। अब ऑफलाइन निवेश के लिए अंतिम समय दोपहर 3 बजे और ऑनलाइन के लिए शाम 7 बजे होगा।
इस कट-ऑफ के बाद किया गया निवेश अगले कारोबारी दिन के लिए मान्य माना जाएगा। यह बदलाव फंड हाउसेज़ की पारदर्शिता और ट्रैकिंग को और बेहतर बनाएगा।
EPFO 3.0 के साथ PF निकासी होगी आसान
EPFO का नया वर्जन ‘EPFO 3.0’ जून में पेश किया जा रहा है, जिससे पीएफ निकासी की प्रक्रिया पहले से कहीं अधिक सरल और तेज़ हो जाएगी। इस नए सिस्टम के तहत यूज़र्स अब एटीएम और UPI जैसे डिजिटल मोड्स से भी पीएफ निकासी कर पाएंगे।
इस सुविधा से देश के 9 करोड़ से अधिक कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। इससे EPFO की सेवाएं अधिक स्मार्ट और डिजिटल-फ्रेंडली बनेंगी।
Kotak Credit Card यूजर्स के लिए नई पेनाल्टी
Kotak Mahindra Bank के क्रेडिट कार्ड धारकों के लिए 1 जून से नए शुल्क नियम लागू हो गए हैं। अगर किसी का ऑटो-डेबिट ट्रांजैक्शन फेल होता है, तो बैंक 2% बाउंस चार्ज वसूल सकता है।
यह शुल्क ₹450 से लेकर ₹5,000 तक हो सकता है। इसके अलावा कार्ड्स पर मासिक फाइनेंस चार्ज अब 3.50% से बढ़कर 3.75% हो सकता है, यानी वार्षिक दर 42% से बढ़कर 45% तक।
आधार अपडेट, FD रेट्स और UPI में भी बदलाव
जून में और भी अहम बदलाव लागू हो रहे हैं। आधार कार्ड यूजर्स के लिए मुफ्त अपडेट की डेडलाइन 14 जून है। इसके बाद अपडेट के लिए ₹50 शुल्क देना होगा।
वहीं रिज़र्व बैंक द्वारा रेपो रेट में बदलाव के चलते कई बैंकों द्वारा एफडी और लोन की ब्याज दरें संशोधित की जा सकती हैं। UPI से जुड़े नए नियम के तहत अब ट्रांजैक्शन के दौरान सिर्फ असली रिसीवर का नाम दिखेगा—QR कोड या एडिटेड नाम नहीं।

जून 2025 की शुरुआत आम जनता के लिए कई वित्तीय और उपभोक्ता नियमों में बदलाव के साथ हुई है। जानिए 1 जून से लागू हुए 5 प्रमुख बदलाव—
- एलपीजी सस्ता: 19 किलो वाला कॉमर्शियल सिलेंडर ₹24 सस्ता हुआ है। दिल्ली में अब इसकी कीमत ₹1,723.50 है।
- हवाई ईंधन के दाम घटे: ATF की कीमत दिल्ली में ₹83,072.55 प्रति किलोलीटर हो गई, जिससे हवाई किराया घट सकता है।
- म्यूचुअल फंड नियम बदले: अब ओवरनाइट फंड्स के ऑर्डर ऑफलाइन 3 बजे तक और ऑनलाइन 7 बजे तक मान्य होंगे।
- EPFO 3.0 लॉन्च: अब UPI व एटीएम के जरिए PF निकासी संभव होगी, जिससे 9 करोड़ लोग प्रभावित होंगे।
- क्रेडिट कार्ड नियम सख्त: Kotak बैंक ने ऑटो-डेबिट फेल होने पर 2% चार्ज लागू किया और फाइनेंस चार्ज 45% वार्षिक तक बढ़ाया।