Monday, April 28, 2025
spot_img
Homeटॉप न्यूजमुंबई आतंकी हमले का दोषी तहव्वुर राणा आज दिल्ली पहुंचेगा, अब भारतीय...

मुंबई आतंकी हमले का दोषी तहव्वुर राणा आज दिल्ली पहुंचेगा, अब भारतीय एंजेसियां करेंगी पूछताछ

मुंबई आतंकी हमलों के एक अहम आरोपी तहव्वुर राणा को आज अमेरिका से भारत लाया जा रहा है। जांच एजेंसी NIA और खुफिया एजेंसी RAW की एक संयुक्त टीम राणा को लेकर बुधवार को अमेरिका से रवाना हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह फ्लाइट आज दोपहर दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड करेगी, जहां से उसे सीधे NIA हेडक्वार्टर ले जाया जाएगा।

अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की थी राणा की याचिका

तहव्वुर राणा ने खुद को भारत प्रत्यर्पित होने से बचाने के लिए अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। उसने याचिका में खुद को पार्किंसन बीमारी से पीड़ित बताते हुए दावा किया था कि भारत में उसे प्रताड़ित किया जा सकता है। हालांकि, कोर्ट ने उसके इस तर्क को खारिज कर दिया और भारत भेजने की मंजूरी दे दी।

FBI ने 2009 में की थी गिरफ्तारी, लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा था राणा

अमेरिका के शिकागो में FBI ने अक्टूबर 2009 में ओ’हेयर एयरपोर्ट से राणा को गिरफ्तार किया था। उस पर मुंबई और कोपेनहेगन में आतंकी हमले की साजिश रचने और लश्कर-ए-तैयबा को समर्थन देने जैसे गंभीर आरोप लगे। डेविड हेडली की गवाही के आधार पर उसे 14 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी। अब तक वह लॉस एंजिल्स के एक डिटेंशन सेंटर में बंद था।

2008 मुंबई हमलों में 175 लोगों की जान गई थी

26 नवंबर 2008 को मुंबई में लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने सुनियोजित तरीके से कई जगहों पर हमला किया था। ये हमले करीब चार दिन तक चले और इसमें 175 लोग मारे गए, जिनमें 9 हमलावर भी शामिल थे। इस हमले ने भारत ही नहीं, दुनिया को हिला दिया था।

मुंबई में फर्जी दस्तावेजों से हेडली की मदद की थी

अमेरिकी जांच में सामने आया है कि राणा ने हेडली को मुंबई में ‘फर्स्ट वर्ल्ड ऑफिस’ खोलने के लिए फर्जी कहानी गढ़ने और जरूरी दस्तावेज जुटाने में मदद की थी। ईमेल्स और दस्तावेजों से ये प्रमाणित हुआ है कि राणा ने वीजा प्रक्रिया में भी हेडली का मार्गदर्शन किया, ताकि वह भारत जाकर आतंकी गतिविधियों की योजना बना सके।

गृह मंत्रालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक

तहव्वुर राणा को भारत लाने की प्रक्रिया को लेकर भारत सरकार के उच्च स्तर पर भी तैयारी की गई। गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल के बीच इस मामले पर विशेष बैठक हुई, जिसमें सुरक्षा और कानूनी पहलुओं की समीक्षा की गई।

 Nationalbreaking.com । नेशनल ब्रेकिंग - सबसे सटीक
  • अमेरिका से मुंबई आतंकी हमले का आरोपी तहव्वुर राणा आज भारत लाया जाएगा, जिसे FBI ने 2009 में शिकागो एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था।
  • NIA और RAW की संयुक्त टीम बुधवार को उसे स्पेशल फ्लाइट से लेकर रवाना हुई, जो आज दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड करेगी।
  • तहव्वुर राणा पर लश्कर-ए-तैयबा को समर्थन देने और डेविड हेडली की मदद से हमले की साजिश रचने का आरोप है।
  • उसने खुद को पार्किंसन रोगी बताकर अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में प्रत्यर्पण के खिलाफ याचिका दी थी, जिसे खारिज कर दिया गया।
  • भारत में लाने से पहले इस मामले को लेकर गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर, और NSA अजीत डोभाल के बीच उच्चस्तरीय बैठक भी हुई।

अन्य खबरें