Monday, April 28, 2025
spot_img
Homeराज्यऑस्ट्रिया में हरियाणा के युवक की मौत, परिवार ने 22 लाख खर्च...

ऑस्ट्रिया में हरियाणा के युवक की मौत, परिवार ने 22 लाख खर्च कर शव मंगवाया

ऑस्ट्रिया में कुरुक्षेत्र के युवक की हार्ट अटैक से मौत, परिवार ने 22 लाख रुपये खर्च कर शव भारत मंगवाया, प्रशासन से नहीं मिली मदद।

कुरुक्षेत्र के टाली फॉर्म गांव के रहने वाले संटी की 21 जनवरी की रात ऑस्ट्रिया में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। वह फोन पर परिजनों से बात कर रहा था, तभी अचानक उसके हाथ-पैर सुन्न पड़ गए। फोन पर एक जोरदार चीख के बाद उसकी हृदय गति रुक गई और वह वहीं गिर पड़ा। परिजनों ने उसे बार-बार कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जब एक दोस्त को उसके घर भेजा गया, तो चार घंटे बाद पता चला कि उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस को सूचित करने के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि हुई।

हाल ही में मिली थी ऑस्ट्रिया की नागरिकता

मृतक संटी के भाई बंटी ने बताया कि 2016 में वह पुर्तगाल गया था, जहां उसे नागरिकता मिल गई थी। बाद में वह ऑस्ट्रिया के वियना में रहने लगा और होटल में काम कर रहा था। कुछ ही समय पहले उसे ऑस्ट्रिया की नागरिकता मिली थी और वह जल्द ही भारत लौटने की योजना बना रहा था। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था और उसकी अचानक मौत हो गई।

प्रशासन से नहीं मिली मदद, खुद उठाया शव लाने का खर्च

मृतक के चाचा बलविंदर ने बताया कि एक महीने की लंबी प्रक्रिया के बाद उनके बेटे का शव भारत पहुंचा। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मदद की गुहार लगाई थी, लेकिन कोई सहायता नहीं मिली। अंततः परिवार ने 22 लाख रुपये खर्च कर शव को भारत मंगवाया। इस पूरे प्रयास में ऑस्ट्रिया में रहने वाले एक युवक ने उनकी मदद की, जिसका परिवार आभार व्यक्त कर रहा है। आखिरकार नम आंखों से अंतिम संस्कार कर दिया गया।

अन्य खबरें