नेशनल ब्रेकिंग. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के सब्सक्राइबर्स के लिए एक अहम बदलाव होने जा रहा है। अब वे अपने प्रोविडेंट फंड (PF) का पैसा सीधे ATM से निकाल सकेंगे। श्रम और रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने बताया कि मई या जून 2025 तक EPFO 3.0 नामक नया मोबाइल ऐप लॉन्च किया जाएगा, जिसके बाद EPFO अपने सब्सक्राइबर्स को ATM कार्ड जारी करेगा। इसके बाद, वे इस कार्ड के माध्यम से अपने PF अकाउंट से पैसे निकाल सकेंगे।
EPFO 3.0: क्या होगा नया?
EPFO 3.0 ऐप के लॉन्च होने से EPFO सब्सक्राइबर्स के लिए कई कार्य आसान हो जाएंगे। जैसे PF स्टेटस चेक करना, ट्रांसफर करना, और क्लेम सेटलमेंट करना। मौजूदा समय में PF निकासी के लिए सब्सक्राइबर्स को 7 से 10 दिन का इंतजार करना पड़ता है और कई दस्तावेज भी भरने पड़ते हैं। लेकिन EPFO 3.0 के आने के बाद यह सारी प्रक्रिया डिजिटल और आसान हो जाएगी।
ATM से PF निकालने के लिए क्या होगा तरीका?
EPFO अब अपने सब्सक्राइबर्स को एक विशेष ATM कार्ड जारी करेगा, जो उनके PF अकाउंट से लिंक होगा। इस कार्ड का उपयोग करके वे ATM मशीनों से सीधे अपने PF का पैसा निकाल सकेंगे। हालांकि, इस नई सुविधा में PF के पैसे को पूरी तरह से नहीं निकाला जा सकेगा। निकासी की सीमा कुल जमा राशि के 50% तक सीमित होगी।
पेंशन निकासी की नई सुविधा
इसके अलावा, EPFO सब्सक्राइबर्स को पेंशन निकालने में भी राहत मिलेगी। पहले उन्हें एक निश्चित बैंक से ही पेंशन लेनी होती थी, लेकिन अब पेंशन राशि किसी भी बैंक से निकाली जा सकेगी। यह सुविधा 1 जनवरी 2025 से लागू हो चुकी है। यह नई व्यवस्था खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद होगी, जो नौकरी के दौरान किसी अन्य शहर में थे और अब अपने घर लौट चुके हैं। अब उन्हें पेंशन वेरिफिकेशन के लिए बार-बार भटकने की जरूरत नहीं होगी। डिजिटल माध्यम से यह प्रक्रिया सरल और सुविधाजनक होगी।
EPFO से पैसे निकालने की शर्तें
- – रिटायरमेंट से एक साल पहले 90% राशि निकालने की अनुमति।
- – मेडिकल इमरजेंसी, घर खरीदने या हायर एजुकेशन के लिए कुछ राशि निकाली जा सकती है।
- – बेरोजगारी के एक महीने बाद 75% फंड निकाला जा सकता है।
- – यदि कर्मचारी बेरोजगार हो जाता है, तो पूरी राशि निकाली जा सकती है।
- – 7 साल की नौकरी पूरी करने पर PF का 50% हिस्सा निकाला जा सकता है।