नेशनल ब्रेकिंग. एयर इंडिया की फ्लाइट AI-119 को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह फ्लाइट मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही थी और इसमें 322 यात्री और 19 क्रू मेंबर सवार थे। फ्लाइट के वॉशरूम में बम की धमकी वाली चिट्ठी मिलने के बाद सुरक्षा कारणों से इसे मुंबई वापस लौटने का निर्णय लिया गया।
वॉशरूम में मिली बम की धमकी वाली चिट्ठी
एयर इंडिया ने जानकारी दी कि फ्लाइट के टॉयलेट में एक चिट्ठी मिली, जिसमें विमान को उड़ाने की धमकी दी गई थी। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को अपनी तय रास्ते से मुंबई वापस लाने का निर्णय लिया गया। फ्लाइट को मुंबई एयरपोर्ट पर 10:25 बजे लैंड कराया गया।
कई घंटों की उड़ान के बाद वापस लौटी फ्लाइट
फ्लाइट AI-119 रात 1:43 बजे मुंबई एयरपोर्ट से न्यूयॉर्क के लिए रवाना हुई थी। हालांकि, बम की धमकी मिलने के बाद 8 घंटे 37 मिनट की उड़ान के बाद इसे वापस मुंबई डायवर्ट कर दिया गया। अब, एयरलाइन ने इस फ्लाइट को 11 मार्च सुबह 5 बजे के लिए फिर से शेड्यूल किया है।
यात्रियों को दी गई राहत
एयरलाइन ने कहा कि उड़ान को फिर से शेड्यूल करने के साथ ही यात्रियों को होटल, भोजन और अन्य आवश्यक सहायता प्रदान की गई। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया और कहा कि उनकी सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
पिछला मामला: शिकागो-दिल्ली फ्लाइट का डायवर्ट होना
इससे पहले 6 मार्च को एयर इंडिया की एक और फ्लाइट को तकनीकी खराबी के कारण शिकागो से दिल्ली लौटना पड़ा था। उस उड़ान में फ्लाइट के अधिकांश शौचालय खराब हो गए थे, जिसके बाद विमान को वापस शिकागो लाने का निर्णय लिया गया था।