भाखड़ा डैम प्रोजेक्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। केंद्र सरकार ने भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (BBMB) के अनुरोध पर डैम की सुरक्षा अब केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) को सौंप दी है। इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 296 CISF जवानों की यूनिट को मंजूरी दे दी है। BBMB को चालू वित्त वर्ष के लिए 8.59 करोड़ रुपये की राशि जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें जवानों के आवास, परिवहन और अन्य सुविधाएं भी शामिल हैं।
पंजाब पुलिस की कार्रवाई के बाद सुरक्षा पर उठे थे सवाल
हाल ही में पंजाब पुलिस द्वारा डैम की घेराबंदी और BBMB अधिकारियों को काम से रोकने की घटना के बाद सुरक्षा को लेकर सवाल उठे थे। इसके बाद BBMB ने केंद्र सरकार से औपचारिक सुरक्षा बल की मांग की थी। गृह मंत्रालय ने 19 मई 2025 को CISF की तैनाती को हरी झंडी दी।
हरियाणा को 10300 क्यूसेक पानी की आपूर्ति शुरू
हरियाणा को पानी संकट से राहत देने की दिशा में भी बड़ी पहल हुई है। BBMB ने 21 मई से हरियाणा के लिए 10300 क्यूसेक पानी छोड़ना शुरू कर दिया है। 22 मई की शाम तक यह पूरा प्रवाह हरियाणा को मिलना शुरू हो जाएगा। इससे पहले 21 मई को 5500 क्यूसेक पानी की आपूर्ति हो रही थी, जिसे हर घंटे 100 क्यूसेक बढ़ाया गया।
तीन राज्यों को मिलेगी तय मात्रा में पानी
BBMB की तकनीकी समिति ने 21 से 31 मई तक के लिए प्रतिदिन 35340 क्यूसेक पानी तीन राज्यों में बांटने का निर्णय लिया है। इस योजना के तहत पंजाब को प्रतिदिन 17000, हरियाणा को 10300 और राजस्थान को 12400 क्यूसेक पानी मिलेगा। 31 मई के बाद शेष बचे जल पर आगे निर्णय लिया जाएगा।
हरियाणा को दो माह बाद राहत, खत्म होगा पेयजल संकट
हरियाणा में पिछले दो महीनों से चल रहे जल संकट के बीच यह राहत की खबर है। पंजाब सरकार द्वारा सिर्फ 4000 क्यूसेक पानी दिए जाने से स्थिति गंभीर हो गई थी। जब BBMB ने पानी देने की कोशिश की तो पंजाब सरकार ने सुरक्षा के नाम पर पुलिस तैनात कर दी थी। अब जल वितरण के नए निर्णय से हरियाणा में पेयजल संकट समाप्त होने की संभावना है।