देश में कोरोना वायरस एक बार फिर रफ्तार पकड़ता नजर आ रहा है। शुक्रवार तक भारत में कोविड-19 के सक्रिय मामलों की संख्या 1828 पहुंच गई है, जबकि मौतों का आंकड़ा 15 हो गया है। इन 15 में से अकेले महाराष्ट्र में 6 लोगों की जान गई है। राज्य सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और ILI (इन्फ्लुएंजा लाइक इलनेस) व SARI (सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी इन्फेक्शन) के जरिए सर्वे करवा रही है।
गुजरात में बच्ची की हालत नाजुक
गुजरात में गुरुवार को कोरोना के 6 नए केस सामने आए। इनमें एक 8 महीने की बच्ची की हालत गंभीर है और उसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। केरल में एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 727 हो चुकी है। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बताया कि राज्य में ओमिक्रॉन JN वैरिएंट का LF.7 रूप पाया गया है।
राज्य | मृतक | एक्टिव केस |
---|---|---|
महाराष्ट्र | 6 | 385 |
केरल | 2 | 430 |
कर्नाटक | 2 | 126 |
उत्तर प्रदेश | 2 | 40 |
राजस्थान | 2 | 22 |
मध्य प्रदेश | 1 | 9 |
कई राज्यों में हुईं कोविड से मौतें
मुंबई में जनवरी से अब तक 379 कोविड केस मिले हैं, जिनमें मई महीने में सबसे ज्यादा 373 केस सामने आए। चंडीगढ़ में यूपी के रहने वाले एक व्यक्ति की मौत हुई है, जो लुधियाना में कार्यरत था। जयपुर, ठाणे, बेंगलुरु और केरल से भी कोविड मौतों की पुष्टि हुई है। अधिकतर मामलों में मृतक पहले से अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे।
देश में सामने आए 4 नए कोविड वैरिएंट
ICMR के अनुसार भारत में कोरोना के चार नए वैरिएंट LF.7, XFG, JN.1 और NB.1.8.1 मिले हैं। ये वैरिएंट दक्षिण और पश्चिम भारत से लिए गए सैंपल्स में पाए गए हैं। NB.1.8.1 में A435S, V445H, और T478I जैसे स्पाइक म्यूटेशन हैं, जो इसे तेज फैलने में सक्षम बनाते हैं। WHO ने इन वैरिएंट्स को निगरानी श्रेणी में रखा है, लेकिन उन्हें खतरनाक नहीं बताया है। चीन सहित एशिया के कुछ देशों में भी यही वैरिएंट देखे जा रहे हैं।
भारत में JN.1 वैरिएंट सबसे आम
देश में अब तक किए गए टेस्टिंग सैंपल्स में सबसे ज्यादा JN.1 वैरिएंट पाया गया है, जो आधे से ज्यादा मामलों में मिला है। इसके बाद BA.2 और ओमिक्रॉन सबलाइनेज के केस रिपोर्ट हुए हैं।