Monday, April 28, 2025
spot_img
Homeटॉप न्यूजदेश के 12 राज्यों में 43 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान, दिल्ली से...

देश के 12 राज्यों में 43 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान, दिल्ली से राजस्थान तक लू का प्रकोप, पूर्वोत्तर में भारी बारिश की चेतावनी

देशभर में मौसम ने करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार के लिए बड़ी चेतावनी जारी की है। दिल्ली, मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश समेत 12 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट है। इन इलाकों में पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए वाराणसी, लखनऊ और झारखंड के कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया गया है।

दिल्ली में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। राजधानी में यलो अलर्ट जारी करते हुए मौसम विभाग ने तापमान 43°C तक पहुंचने की आशंका जताई है। दूसरी ओर, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में लू की स्थिति में थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं, हालांकि तेज आंधी-तूफान के चलते तापमान में गिरावट हो सकती है।

पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश और लैंडस्लाइड का खतरा

पूर्वोत्तर भारत में मौसम का मिजाज कुछ अलग ही है। सिक्किम में लगातार बारिश के कारण लैंडस्लाइड की घटनाएं हुईं, जिसमें फंसे पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। हालांकि मंगन जिले में अब भी करीब 1800 लोग फंसे हुए हैं। प्रशासन ने सभी पर्यटक परमिट सस्पेंड कर दिए हैं और टूर ऑपरेटरों को उत्तर की ओर यात्रा रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

लगातार हो रही बारिश के चलते हालात और बिगड़ सकते हैं। ऐसे में स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग पूरी तरह अलर्ट पर हैं।

दिल्ली सरकार का आदेश: स्कूलों में वाटर ब्रेक और फर्स्ट एड की अनिवार्यता

गर्मी से बच्चों को बचाने के लिए दिल्ली शिक्षा विभाग ने स्कूलों को खास दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अब मॉर्निंग असेंबली रद्द रहेगी और आउटडोर गतिविधियों से बचाव किया जाएगा। बच्चों को गर्मी से जुड़ी बीमारियों के प्रति जागरूक करने, फायर इक्विपमेंट्स रखने और बाहर निकलते समय सिर ढकने की सलाह दी गई है।

स्कूलों को डेली शेड्यूल में ‘वाटर ब्रेक’ शामिल करना अनिवार्य किया गया है, ताकि छात्र दिनभर हाइड्रेटेड रह सकें। साथ ही, फर्स्ट एड किट में ORS रखने के भी निर्देश हैं।

27 से 29 अप्रैल: जानिए किस दिन किस राज्य में कैसा रहेगा मौसम

27 अप्रैल को छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार और विदर्भ में ओले गिरने का अलर्ट जारी हुआ है। वहीं, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, उत्तराखंड, कर्नाटक, महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र और केरल में भारी बारिश की संभावना है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मध्यप्रदेश में लू का प्रकोप जारी रहेगा।

28 अप्रैल को नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम, केरल और कर्नाटक में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। ओडिशा और छत्तीसगढ़ में ओले गिर सकते हैं। राजस्थान और मध्य भारत में रात और दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी।

29 अप्रैल को केरल, कर्नाटक, ओडिशा, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश संभावित है, जबकि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में हीटवेव का असर बना रहेगा।

26 अप्रैल 2025 – प्रमुख शहरों के तापमान का अनुमान (घटते क्रम में)
शहर न्यूनतम (°C) अधिकतम (°C)
रायपुर 28°C 43°C
अहमदाबाद 27°C 43°C
पटना 26°C 42°C
चंडीगढ़ 24°C 42°C
लखनऊ 24°C 41°C
भोपाल 24°C 40°C
रांची 24°C 40°C
दिल्ली 27°C 39°C
जयपुर 26°C 38°C
कोलकाता 27°C 37°C
चेन्नई 28°C 35°C
मुंबई 27°C 32°C
शिमला 15°C 30°C

राजस्थान में तेज गर्मी का प्रकोप, तापमान 44.8°C तक पहुंचा

पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से राजस्थान के कई जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है। बाड़मेर, जैसलमेर, श्रीगंगानगर, कोटा, टोंक और पिलानी में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज हुआ। बाड़मेर में सबसे अधिक तापमान 44.8°C रहा। जयपुर, उदयपुर, अजमेर समेत अन्य शहरों में भी दिन और रात दोनों में तापमान बढ़ा है। मौसम विशेषज्ञों ने आने वाले दो दिन में तापमान में 2 डिग्री तक और बढ़ने का अनुमान जताया है।

26 अप्रैल को पूर्वी राजस्थान में एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा, जिससे भरतपुर और जयपुर संभाग के जिलों में आंधी और हल्की बारिश के आसार हैं। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है।

मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी के बीच तीन दिन की बारिश का अलर्ट

मध्यप्रदेश में भी मौसम बदलने वाला है। 26 अप्रैल से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की शुरुआत होगी, जो तीन दिन तक चलेगी। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और ट्रफ के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव आएगा। हालांकि, अधिकतर जिलों में तेज गर्मी और लू का असर बना रहेगा। गुरुवार को खजुराहो में तापमान 44.4°C और नौगांव में 43.7°C दर्ज किया गया। शुक्रवार को मौसम विभाग ने प्रदेश के 13 जिलों में लू का यलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश में स्कूलों की टाइमिंग बदली, 45 जिलों में लू का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में तेज धूप और गर्म हवाओं का कहर लगातार जारी है। राज्य के 40 से ज्यादा जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। बांदा सबसे गर्म रहा, जहां 44°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।

हीटवेव के चलते वाराणसी, लखनऊ समेत कई जिलों में स्कूलों का समय सुबह 7:30 से दोपहर 12:30 बजे तक कर दिया गया है। मौसम विभाग ने 45 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि 27 अप्रैल के बाद मौसम में तेज हवाओं और बारिश के साथ बदलाव आ सकता है।

पंजाब और हरियाणा में भी गर्मी का कहर जारी

पंजाब में आज राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। पटियाला सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस रहा। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में लू की स्थिति बनी रह सकती है।

हरियाणा में भी मौसम ने तीखी करवट ली है। राज्य के 9 जिलों में लू का यलो अलर्ट जारी किया गया है। सिरसा सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 43.1°C तक पहुंच गया। हिसार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 29 अप्रैल तक तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहेगा। 30 अप्रैल के बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हरियाणा में मौसम में बदलाव के संकेत हैं।

 Nationalbreaking.com । नेशनल ब्रेकिंग - सबसे सटीक
  • IMD ने जारी किया अलर्ट: देश के 20 से ज्यादा राज्यों में लू और बारिश को लेकर चेतावनी दी गई है, दिल्ली समेत कई शहरों में तापमान 43°C तक पहुंच सकता है।
  • स्कूलों में बदलाव: यूपी, झारखंड और दिल्ली के स्कूलों की टाइमिंग बदली गई है, बच्चों के लिए वाटर ब्रेक और फर्स्ट एड किट अनिवार्य की गई है।
  • पूर्वोत्तर में बारिश और भूस्खलन: सिक्किम में बारिश से लैंडस्लाइड, 1800 से ज्यादा लोग फंसे; पर्यटक परमिट रद्द, यात्राएं रोकी गईं।
  • राजस्थान और एमपी में तापमान चरम पर: बाड़मेर 44.8°C, खजुराहो 44.4°C तक पहुंचा; 29 अप्रैल तक हीटवेव का असर बना रहने की संभावना।
  • तीन दिन का रेन अलर्ट: 26 से 29 अप्रैल तक ओडिशा, छत्तीसगढ़, पूर्वोत्तर और दक्षिणी राज्यों में भारी बारिश के आसार; लू और आंधी भी संभावित।
अन्य खबरें