देशभर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार को मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत 11 राज्यों में आंधी-तूफान और तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। झारखंड और बिहार सहित कुल 13 राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, हरियाणा और राजस्थान के कुछ जिलों में हीटवेव की चेतावनी दी गई है।
राजस्थान में गर्मी का कहर, बारिश में नाव पलटी
राजस्थान के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री से पार चला गया है। बीकानेर, चुरु, जयपुर समेत कई इलाकों में गर्म हवा के थपेड़े लोगों को बेहाल कर रहे हैं। वहीं, उदयपुर में अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। फतहसागर झील में तूफानी हवाओं के कारण एक नाव पलट गई, लेकिन समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
बिजली गिरने से 7 की मौत, खजुराहो और बांदा में भीषण गर्मी
महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हुई है, जबकि झारखंड में पांच लोगों की जान गई है। दूसरी ओर, मध्य प्रदेश का खजुराहो सोमवार को 46 डिग्री तापमान के साथ तपता रहा। उत्तर प्रदेश का बांदा 46.6 डिग्री के साथ देश का सबसे गर्म स्थान रहा।
कर्नाटक में रेड अलर्ट, जलभराव से जनजीवन प्रभावित
दक्षिण भारत के तटीय कर्नाटक में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश से कई शहरों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। तूफानी हवाओं के साथ बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पकड़ी रफ्तार
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून आगे बढ़ चुका है। 19 मई को जारी रिपोर्ट के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों में मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में भारी वर्षा हो सकती है।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
अगले दो दिन: कहां कैसा रहेगा मौसम
21 मई:
कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, असम, मेघालय, बिहार, केरल, पश्चिम बंगाल, और सिक्किम में तेज बारिश की संभावना है। छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश का अलर्ट है। पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव का खतरा बरकरार है।
22 मई:
महाराष्ट्र में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। असम, मेघालय, सिक्किम, झारखंड, बिहार, कोंकण, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश सहित कुल 23 राज्यों में हल्की से भारी बारिश हो सकती है। राजस्थान में तेज गर्मी के साथ धूल भरी आंधी की भी आशंका जताई गई है।
20 मई 2025- देश के प्रमुख शहरों के तापमान का अनुमान
शहर | न्यूनतम (°C) | अधिकतम (°C) |
---|---|---|
जयपुर | 28°C | 42°C |
भोपाल | 27°C | 41°C |
इंदौर | 26°C | 39°C |
रायपुर | 28°C | 43°C |
रांची | 25°C | 38°C |
पटना | 28°C | 41°C |
लखनऊ | 27°C | 42°C |
दिल्ली | 29°C | 43°C |
शिमला | 16°C | 26°C |
चंडीगढ़ | 26°C | 40°C |
अहमदाबाद | 29°C | 44°C |
मुंबई | 28°C | 34°C |
कोलकाता | 29°C | 37°C |
चेन्नई | 30°C | 38°C |

- भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत 11 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
- राजस्थान के बीकानेर, चुरु जैसे जिलों में पारा 45 डिग्री से पार गया, जबकि बांदा (UP) देश में सबसे गर्म रहा – 46.6 डिग्री सेल्सियस।
- महाराष्ट्र और झारखंड में बिजली गिरने से कुल 7 मौतें हुई हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
- कर्नाटक में रेड अलर्ट जारी किया गया है, पिछले दो दिनों से लगातार बारिश के कारण कई शहरों में जलभराव हो गया है।
- 21 और 22 मई को 23 राज्यों में बारिश की संभावना, वहीं राजस्थान में धूल भरी आंधी और हीटवेव की चेतावनी दी गई है।