Monday, April 28, 2025
spot_img
Homeटॉप न्यूजबिहार, ओडिशा और असम में भारी बारिश की आशंका, , श्रीनगर में...

बिहार, ओडिशा और असम में भारी बारिश की आशंका, , श्रीनगर में टूटा 80 साल का गर्मी का रिकॉर्ड

देश के 25 राज्यों में आने वाले दिनों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने देशभर में तेज मौसमी गतिविधियों का अलर्ट जारी किया है, जो अगले 3 से 5 दिनों तक प्रभावी रह सकता है।

बुधवार को जारी मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बिहार, ओडिशा और असम में तेज बारिश हो सकती है। वहीं झारखंड, ओडिशा और मेघालय जैसे राज्यों में ओले गिरने की चेतावनी दी गई है। बिहार के 22 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। हरियाणा में भी हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।

श्रीनगर में सामान्य से दस डिग्री ज्यादा तापमान

15 अप्रैल को श्रीनगर ने पिछले 80 वर्षों का तापमान रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस दिन शहर में 30.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 10.2 डिग्री ज्यादा है। आमतौर पर अप्रैल में श्रीनगर का औसत तापमान 20.2 डिग्री होता है। इससे पहले 1946 में 20 अप्रैल को 31.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। कश्मीर घाटी के कई इलाकों में इस समय सामान्य से 8.1 से 11.2 डिग्री अधिक तापमान देखा गया।

राजस्थान का बाड़मेर सबसे गर्म, 45.5 डिग्री पर पहुंचा पारा

राजस्थान के बाड़मेर जिले में गर्मी ने सारे रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं। लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म स्थान बाड़मेर ही रहा, जहां 45.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 3 से 4 दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, जिससे लू का प्रकोप और अधिक हो सकता है।

हिमाचल के कई जिलों में तेज तूफान की संभावना

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने राज्य के 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां तेज तूफान, ओलावृष्टि और भारी बारिश के आसार हैं। आने वाले 5 दिन तक मौसम खराब बना रह सकता है।

मानसून रहेगा सामान्य से बेहतर, किसानों को राहत की उम्मीद

मौसम विभाग ने इस बार मानसून के सामान्य से बेहतर रहने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, जून से सितंबर के बीच 105% यानी लगभग 87 सेंटीमीटर बारिश हो सकती है। सामान्य मानसून की परिभाषा 104-110% बारिश के बीच मानी जाती है।
हर साल की तरह मानसून 1 जून को केरल से प्रवेश करेगा और सितंबर के अंत तक राजस्थान होते हुए विदा होगा। ये भविष्यवाणी कृषि क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक संकेत मानी जा रही है।

 Nationalbreaking.com । नेशनल ब्रेकिंग - सबसे सटीक
  • भारतीय मौसम विभाग ने बुधवार को देश के 25 राज्यों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।
  • बिहार, ओडिशा और असम में भारी बारिश का अनुमान है, जबकि झारखंड और मेघालय में ओले गिर सकते हैं।
  • श्रीनगर में 15 अप्रैल को तापमान 30.4°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 10.2°C अधिक है — यह बीते 80 सालों का सबसे गर्म दिन रहा।
  • राजस्थान के बाड़मेर में 45.5°C तापमान के साथ लगातार दूसरे दिन देश में सबसे अधिक गर्मी दर्ज की गई।
  • मौसम विभाग के अनुसार, इस साल मानसून सामान्य से बेहतर रहने की संभावना है, जिससे कृषि क्षेत्र को बड़ी राहत मिल सकती है।
अन्य खबरें