रविवार, जून 15, 2025
spot_img
होमटॉप न्यूजछत्तीसगढ़ में रिकॉर्ड बारिश, नौतपा के बावजूद एमपी, राजस्थान, यूपी में गर्मी...

छत्तीसगढ़ में रिकॉर्ड बारिश, नौतपा के बावजूद एमपी, राजस्थान, यूपी में गर्मी से राहत

देश के कई इलाकों में मानसूर की एंट्री हो चुकी है। इस साल समय से पूर्व आए मानसून से कई जगहों पर सामान्य से कई गुना बारिश हो चुकी है। छत्तीसगढ़ में मानसून ने इस बार रिकॉर्ड बना दिया है। महज पांच दिनों में 2840 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई, जो कि मई में सामान्य औसत 430-450 मिमी से करीब छह गुना ज्यादा है। यह आंकड़ा मौसम वैज्ञानिकों को भी हैरान कर रहा है। विशेषज्ञ इसे असामान्य और अलर्ट करने वाला मान रहे हैं।

ओडिशा में मानसून के आज दस्तक देने की उम्मीद है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिला प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा है। मौसम विभाग ने पूरे राज्य में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

एमपी में आंधी और बारिश का दौर जारी

मध्यप्रदेश के 15 से ज्यादा जिलों में मंगलवार को बारिश हुई। वहीं आज भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत 40 जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। कुछ जिलों में हवा की रफ्तार 50 किमी प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है। मंगलवार को भोपाल में 40.2 डिग्री और ग्वालियर में 40.1 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।

राजस्थान में 46.6°C तक पहुंचा तापमान

राजस्थान के कई हिस्सों में गर्मी का कहर जारी है। मंगलवार को बाड़मेर में तापमान 46.6°C तक पहुंच गया। जैसलमेर, फलोदी, जोधपुर, बीकानेर और चित्तौड़गढ़ में भी तापमान 42 से 45°C के बीच रहा। मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिन तेज गर्मी और हीटवेव की संभावना जताई है, हालांकि 29 मई से हल्की राहत की उम्मीद है।

बिहार के 12 जिलों में बारिश का अलर्ट

बिहार के 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है। अन्य जिलों में उमस और गर्मी बनी रहेगी। इधर, उत्तर प्रदेश में नौतपा के बावजूद तेज गर्मी महसूस नहीं हो रही। बीते 48 घंटों में 8 शहरों में बारिश हुई है। आज पूर्वी यूपी के 30 जिलों में तेज हवा और बारिश का अलर्ट है। 31 मई तक इसी तरह का मौसम बने रहने के आसार हैं।

हरियाणा में 4 दिन तक राहत की बारिश

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम बदला हुआ है। बुधवार से शुक्रवार तक पूरे राज्य में बारिश की संभावना है। 14 जिलों में आज बारिश हो सकती है, जिसमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल जैसे जिले शामिल हैं। हवाओं की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है। इधर, पंजाब और चंडीगढ़ में तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। समराला में अधिकतम तापमान 40.6°C तक पहुंच गया। 16 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 5 जिलों में तेज आंधी और बिजली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मानसून सीजन में सामान्य से ज्यादा बारिश का अनुमान

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इस बार मानसून सीजन में औसतन 106% बारिश हो सकती है। जून में यह आंकड़ा 108% तक जा सकता है, यानी 87 सेमी से अधिक वर्षा संभावित है। इससे किसानों और जल संकट झेल रहे क्षेत्रों को राहत मिलने की उम्मीद है।

 Nationalbreaking.com । नेशनल ब्रेकिंग - सबसे सटीक
  • देश के 14 राज्यों में मानसूनी बारिश: पिछले पांच दिनों से छत्तीसगढ़ में 2840 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से छह गुना ज्यादा है।
  • IMD का अलर्ट और अनुमान: मौसम विभाग ने जून-सितंबर के दौरान औसत से 106% अधिक बारिश की संभावना जताई है, जून में भी सामान्य से ज्यादा बारिश होगी।
  • राज्यों में अलर्ट जारी: मध्यप्रदेश, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, बिहार और हरियाणा में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी।
  • राजस्थान में हीटवेव का कहर: जैसलमेर, फलोदी और बाड़मेर में तापमान 45°C के पार, अगले 3 दिन हीटवेव की स्थिति बरकरार।
  • आने वाले दिन भी प्रभावित: यूपी, एमपी, हरियाणा और पंजाब में अगले 2-3 दिन तक मौसम अस्थिर रहने की संभावना है, कहीं बारिश तो कहीं तेज गर्मी का असर।
अन्य खबरें