सोमवार, जून 16, 2025
spot_img
होमटॉप न्यूजदेश अधिकांश हिस्से में आज बारिश और हीटवेव का अलर्ट, हरियाणा में...

देश अधिकांश हिस्से में आज बारिश और हीटवेव का अलर्ट, हरियाणा में तूफान से दो की मौत

मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को पूरे देश में मौसम से जुड़ी असामान्य चेतावनियां जारी की हैं। एक ही दिन में आंधी, बारिश और लू की कई स्तरों का अलर्ट जारी किया गया है। यह मौसम सभी केंद्र शासित प्रदेशों सहित करीब हर राज्य को प्रभावित कर रहा है।

महाराष्ट्र और गोवा के तटीय इलाकों में मौसम विभाग ने बहुत भारी बारिश के साथ ही लू (हीटवेव) का रेड अलर्ट जारी किया है। यह स्थिति विशेष रूप से मुंबई और आसपास के क्षेत्रों के लिए चिंता का विषय बन गई है, जहां तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।

यूपी-राजस्थान में जानलेवा मौसम

पिछले 48 घंटे उत्तर प्रदेश और राजस्थान के लिए भारी साबित हुए हैं। यूपी के 64 जिलों में तेज आंधी और बारिश हुई, जिसमें 58 लोगों की मौत हो चुकी है। नोएडा में 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली, जबकि गोरखपुर में 74 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। उधर, राजस्थान के 19 जिलों में आंधी और पश्चिमी भागों में धूलभरी हवाओं का अलर्ट है। यहां तीन जिलों में हीटवेव का रेड, एक में ऑरेंज और 12 जिलों में यलो अलर्ट जारी है।

मध्य प्रदेश के 40 जिलों में अलर्ट, भोपाल-इंदौर में पेड़ गिरे

गुरुवार रात से मध्य प्रदेश में मौसम ने करवट ली है। भोपाल, इंदौर, रायसेन सहित कई जिलों में तेज आंधी और बारिश के कारण पेड़ गिर गए और बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। मौसम विभाग ने राज्य के 40 से अधिक जिलों में आंधी-बारिश और 8 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है।

बिहार में 23 जिलों में बारिश की संभावना, 25 मई तक रहेगा असर

बिहार में शुक्रवार को 23 जिलों में तेज बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने इनमें से 6 जिलों में ऑरेंज और 17 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। सुबह बेगूसराय में बारिश हुई, जबकि पटना और अन्य 15 जिलों में मौसम साफ रहने की उम्मीद है। 25 मई तक आंधी-बारिश का यह दौर जारी रहेगा, इसके बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।

दिल्ली-NCR से लेकर पूर्वोत्तर तक मौसम में उतार-चढ़ाव

दिल्ली और एनसीआर में 24 मई को हल्की बारिश और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। पश्चिमी यूपी में बारिश, जबकि पूर्वी यूपी में लू का अलर्ट है। असम, मेघालय, त्रिपुरा, अरुणाचल और नगालैंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों में बाढ़ और पेड़ गिरने जैसे खतरे की भी आशंका है।

हरियाणा और पंजाब में धूलभरी आंधी, हिसार में दो की मौत

हरियाणा के हिसार में तूफान की वजह से दो लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार को राज्य के छह जिलों में लू का ऑरेंज और चार में यलो अलर्ट है। वहीं पंजाब और हरियाणा में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। चंडीगढ़ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि कुछ जिलों में मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

केरल, कर्नाटक, गोवा में भारी बारिश का अलर्ट

केरल, कर्नाटक और गोवा के लिए भी मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी दी है। झारखंड और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। पश्चिम बंगाल और बिहार के कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।

अन्य खबरें