आईपीएल 2025 अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। ऐसे में हर एक मैच प्लेऑफ की तस्वीर को नया मोड़ दे रहा है। फिलहाल पंजाब किंग्स 17 अंकों के साथ अंकतालिका में दूसरे पायदान पर है, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स से पिछली हार ने उनकी राह मुश्किल कर दी है। अगर आज की भिड़ंत में वह मुंबई इंडियंस से हार जाती है, तो उसका शीर्ष दो में पहुंचना लगभग असंभव हो जाएगा। ऐसे में 30 मई को खेले जाने वाले एलिमिनेटर में खेलने की मजबूरी बन सकती है।
जीत के बाद भी पंजाब के लिए दूसरे की कुर्सी तय नहीं
मुंबई के खिलाफ जीत के बावजूद पंजाब को शीर्ष दो में जगह बनाने के लिए बाकी टीमों की नाकामी पर भी भरोसा करना होगा। खासतौर पर गुजरात टाइटंस (18 अंक) और आरसीबी (17 अंक) को अपने-अपने आखिरी मुकाबले हारने होंगे। ये एक बेहद पेचीदा स्थिति है, जिसमें एक हार से पंजाब सीधा तीसरे या चौथे स्थान पर पहुंच सकता है।
मुंबई के पास बड़ा मौका, नेट रन रेट बना हथियार
मुंबई इंडियंस इस सीज़न प्लेऑफ में क्वालीफाई करने वाली टीमों में सबसे बेहतरीन नेट रन रेट रखने वाली टीम है। अगर आज मुंबई ने पंजाब को हरा दिया और गुजरात व आरसीबी अपने मुकाबले हारते हैं, तो मुंबई सीधे शीर्ष दो में प्रवेश कर सकती है। इसलिए हार्दिक पंड्या की टीम इस मौके को हाथ से जाने नहीं देना चाहेगी।
बुमराह की गेंदबाजी और बल्लेबाजों का फॉर्म मुंबई का हथियार
मुंबई के गेंदबाजी आक्रमण की बात करें तो जसप्रीत बुमराह का फॉर्म टीम के लिए सबसे बड़ी राहत है। उन्होंने 9 मैचों में 16 विकेट झटके हैं और चोट से वापसी के बाद काफी घातक दिखे हैं। ट्रेंट बोल्ट (19 विकेट) और दीपक चाहर (11 विकेट) नई गेंद से अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। मिचेल सेंटनर और विल जैक्स जैसे स्पिनर हार्दिक के साथ अच्छी लय में हैं।
बल्लेबाजी में सूर्यकुमार यादव (583 रन) और रोहित शर्मा पर बड़ी जिम्मेदारी होगी। तिलक वर्मा का फॉर्म थोड़ा डगमगाया है, लेकिन इस महत्वपूर्ण मुकाबले में वापसी करना जरूरी होगा।
पंजाब की बॉलिंग पर भारी दबाव, बल्लेबाजों से उम्मीद
पंजाब किंग्स को पिछले मैच में दिल्ली के खिलाफ 200 से ज्यादा स्कोर के बावजूद हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में गेंदबाजी में सुधार सबसे ज़रूरी है। अर्शदीप सिंह (16 विकेट) और युजवेंद्र चहल (14 विकेट) मामूली चोट से उबर कर लौट सकते हैं। इनके साथ मार्को यानसेन (14 विकेट) को भी मिलकर मजबूत रणनीति बनानी होगी।
बल्लेबाजी में प्रभसिमरन सिंह (486 रन) और प्रियांश आर्य (362 रन) की जोड़ी टीम को तेज शुरुआत देने में कामयाब रही है। कप्तान श्रेयस अय्यर (488 रन) मध्यक्रम की धुरी बने हुए हैं। पंजाब को आज इन तीनों से बड़ी पारियों की उम्मीद होगी।
सवाई मान सिंह स्टेडियम: बड़ा स्कोर तय
जयपुर के इस मैदान पर छोटी बाउंड्री और बल्लेबाजी के अनुकूल पिच बड़े स्कोर के संकेत दे रही है। ऐसे में दोनों टीमों की गेंदबाजी का असली इम्तिहान होगा।
दोनों टीमों का स्क्वॉड
मुंबई इंडियंस: हार्दिक पंड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, रॉबिन मिंज, रयान रिकेल्टन, श्रीजीत कृष्णन, बेवोन जैकब्स, तिलक वर्मा, नमन धीर, विल जैक्स, मिचेल सेंटनर, राज अंगद बावा, रघु शर्मा, कॉर्बिन बॉश, ट्रेंट बोल्ट, कर्ण शर्मा, दीपक चाहर, अश्विनी कुमार, रीस टॉपले, अर्जुन तेंदुलकर, मुजीब उर रहमान, जसप्रीत बुमराह।
पंजाब किंग्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहल वढेरा, विष्णु विनोद, जोश इंग्लिस, हरनूर पन्नू, पी. अविनाश, प्रभसिमरन सिंह, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, हरप्रीत बराड़, मार्को यानसेन, अजमतुल्लाह उमरजई, प्रियांश आर्य, आरोन हार्डी, मुशीर खान, सूर्यांश शेडगे, मिच ओवेन, अर्शदीप सिंह, वी. विजयकुमार, यश ठाकुर, कुलदीप सेन, जेवियर बार्टलेट, प्रवीण दुबे, काइल जैमीसन।
Logo | टीम | मैच | जीत | हार | टाई | पॉइंट्स | NRR |
---|---|---|---|---|---|---|---|
![]() |
PBKS | 14 | 9 | 4 | 0 | 19 | +0.372 |
![]() |
RCB | 14 | 9 | 4 | 0 | 19 | +0.301 |
![]() |
GT | 14 | 9 | 5 | 0 | 18 | +0.254 |
![]() |
MI | 14 | 8 | 6 | 0 | 16 | +1.142 |
![]() |
DC | 14 | 7 | 6 | 0 | 15 | +0.011 |
![]() |
SRH | 14 | 6 | 7 | 0 | 13 | -0.241 |
![]() |
KKR | 14 | 5 | 7 | 0 | 12 | -0.305 |
![]() |
LSG | 14 | 6 | 8 | 0 | 12 | -0.376 |
![]() |
CSK | 14 | 4 | 10 | 0 | 8 | -0.647 |
![]() |
RR | 14 | 4 | 10 | 0 | 6 | -0.549 |